कुल्लू – अजय सूर्या
इन दिनों हिमाचल प्रदेश में बर्फ जमा हो जाने की वजह से पर्यटकों और यात्रा करने वालों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मनाली-लेह मार्ग पर सफर करने वाले लोगों के लिए वीरवार का दिन कष्ट भरा रहा।
शाम सात बजे से रात एक बजे तक अलग अलग तीन रेस्क्यू अभियान चलाने पड़े। हालांकि सभी भाग्यशाली रहे और बर्फ से लदे बारालाचा दर्रे से सुरक्षित केलंग पहुंच गए। बारालाचा दर्रे हालात देख लाहुल स्पीति प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही हालात सामान्य होने तक रोक दी है।
पहली घटना शाम के साढ़े सात बजे हुई। बारालाचला में एक ट्रक बीच सड़क में खराब हो गया। जिस कारण वाहन फंस गए। लाहुल स्पीति पुलिस व बीआरओ 70 बीआरसीसी टीम की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया जिससे सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया है।
दूसरी घटना रात करीब 11 बजे हुई। लेह की तरफ से मनाली की ओर आ रहे 24 भारी वाहन और नौ हल्के वाहन फंस गए। सभी वाहनों को निकाला गया और लोगों को सुरक्षित केलंग लाया गया।
आधी रात को बारालाचा में फंस गए पर्यटक
तीसरी घटना आधी रात एक बजे हुई। लेह की तरफ से आ रहे कुछ पर्यटक बारालाचा में फंस गए। सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया, जिनमें 48 पुरुष, 12 स्त्री व 5 बच्चे शामिल हैं।
लाहौल स्पीति प्रशासन ने हालांकि अभी स्थानीय लोगों को ही फोर व्हील ड्राइव वाहनों में सफर की अनुमति दी। प्रशासन ने 22 जून को यह मार्ग पर्यटकों को खोलने की बात कही थी लेकिन अब हालात सामान्य होने के बाद ही पर्यटक इस मार्ग पर सफर कर सकेंगे।
मनाली लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद
उपायुक्त लाहुल स्पीती राहुल कुमार ने बताया कि परिस्थितियों को देखते हुए मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि प्रशासन का सहयोग करें और हालात सामान्य होने तक सफर न करें।
एसपी लाहौल स्पीती मानव वर्मा ने बताया कि लेह मार्ग के बारालाचा दर्रे में वीरवार रात को तीन रेस्क्यू अभियान चलाने पड़े। उन्होंने बताया कि 65 लोगों सहित 33 वाहनों को रेस्क्यू कर केलंग पहुंचाया।

