
ऊना – अमित शर्मा
ऊना जिला के घेवट बेहड़ में सोमवार को मिली युवती की लाश का खुलासा हो गया है। मृतका की पहचान बलजीत कौर उर्फ नेहा उम्र 21 वर्ष पुत्री रामजी निवासी मुहल्ला संतोखपुरा तहसील व थाना फि़ल्लौर जिला जालंधर के रूप में हुई है।
युवती के पिता मेहनत मजदूरी करते हंै। उन्होंने अपने दिए गए बयान में बताया है की उनके दो बेटे व एक बेटी पैदा हुई थी। उनकी बेटी दसवीं तक पढ़ी थी और पढ़ाई के बाद घर पर ही रहती थी।
20 जनवरी को उसके भाई ने बहन को सेकंड हैंड मोबाइल खरीद कर दिया था। इसके बाद वह 21 जनवरी को अपनी मां को यह कह कर घर से गई थी कि उसकी सहेली की शादी है और वह उसमें शामिल होने के बाद दो दिन बाद आ जाएगी.
लेकिन अंब थाना से 24 जनवरी को उनके काउंसलर को फोन आने के बाद जब मौके पर पहुंचे, तो सारी घटना देख परिजनों के होश उड़ गए।
बुधवार को आईजी सुमेधा द्विवेदी, एएसपी प्रवीण कुमार, डीएसपी वसुधा वर्मा ने घटनास्थल का दौरा कर कई पहलुओं पर साक्ष्य जुटाने की कोशिश की।
डीआईजी ने युवती की लाश वाली जगह पर पहुंच कर घटनास्थल का सारा मुआयना किया। उन्होंने इस मौके पर साथ आए पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
एएसपी प्रवीण ने बताया की मोबाइल लोकेशन से लडक़ी की शिनाख्त के बाद लाश को परिजनों के पास सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।
