
शाहपुर – नितिश पठानियां
सरकार,प्रशासन व पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष बार-बार गुहार लगाने के बाबजूद जब कुछ न हुआ तो लोगों ने अपनी जेब से रुपए खर्चकर खुद श्मशानघाट का नवीनीकरण कर डाला। यहां बात हो रही है शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अम्बाडी के भाटी गांव की।
दरअसल पंचायत के वार्ड एक,सात व पांच के लिए कई वर्षों पहले बनाया गया श्मशानघाट जर्जर हो चुका था,तथा लंबे समय से मरम्मत मांग रहा था। लोगों ने इस श्मशानघाट की मरम्मत के लिए प्रशासन व पंचायत प्रतिनिधियों से कई बार आग्रह किया,लेकिन सभी ने इसे हल्के में लिया।
थकहार कर लोगों ने अपने स्तर पर इसकी मरम्मत करवाने का निर्णय लिया। पंचायत के वार्ड एक, सात व पांच के लोगों ने आपस में रुपए इकट्ठा कर खुद श्रमदान किया।
लोगों ने छुट्टी वाले दिन श्रमदान कर न केवल श्मशानघाट की मरमत कर डाली। बल्कि नई अंगीठी, पिल्लर, प्रांगण व बैठने के लिए जगह का निर्माण भी कर डाला।
