
अनावरण कार्यक्रम किया गया आयोजित
चम्बा – भूषण गुरुंग
शिक्षा खण्ड बनीखेत के तहत आने वाली राजकीय प्राथमिक पाठशाला अंगलोट में राष्ट्रीय राजमार्ग 154-A पर स्वागत द्वार स्थापित किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जहां से पाठशाला के लिए रास्ता जाता है वहां पर इसे स्थापित किया गया है।
जिसके विधिवत अनावरण कार्यक्रम में पाठशाला की प्रबंधन समिति की अध्यक्षा रेखा देवी ने मुख्यातिथि व नैनिखड्ड क्लस्टर की केंद्रीय मुख्य शिक्षिका सुमन लता धीमान ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर पाठशाला के बच्चों साक्षी और मन्नत ने मुख्यातिथि व विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया और मानवी और भावना ने तिलक लगाया।
पाठशाला के बच्चों ने इस उपलक्ष्य पर कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। पाठशाला के प्रभारी ने बताया कि पाठशाला का रास्ता मुख्य सड़क से सटे होने के बावजूद लगता नहीं था कि यह रास्ता पाठशाला का है। रास्ता जंगल से होकर गुजरता है और कच्चा होने के कारण ऊबड़खाबड़ है।
जिसके चलते सड़क से गुजरने वाले लोग इस रास्ते पर गंदगी फैलाते रहते थे जिससे बच्चों को आवाजाही में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। इस द्वार की स्थापना से रास्ते पर गंदगी फैलने से भी बचाव होगा और पाठशाला पधारने वालों को भी रास्ता ढूंढने में मुश्किल नहीं होगी।
पाठशाला प्रभारी ने आगे बताया कि पाठशाला के रास्ते की हालत काफी खस्ता है जिसके लिए सम्बंधित विभाग को कई बार प्रार्थना पत्र लिखे जा चुके हैं और उम्मीद है कि निकटतम भविष्य में पाठशाला का रास्ता भी पक्का हो जाएगा।
