हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में कानून का डर कम हो गया है और कानून को हाथ में लेने वालों के हौंसले बुलंद हैं। ताजा मामला सिरमौर जिले का है, जहां पर एक पुलिस कर्मी की पिटाई करने पर पति पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, नाबालिग बेटे को डिटेन किया गया है। पूरा मामला चालान काटने से जुड़ा है।
दरअसल, हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिले में स्कूटी का चालान करने पर पति-पत्नी ने पुलिस कर्मी की पिटाई कर दी। पांवटा साहिब उपमंडल के रामपुरघाट का यह मामला है। पुलिस कर्मी ने बिना हेलमेट स्कूटी चला रहे नाबालिग को रोका था।
उसके पास लाइसेंस भी नहीं था और पुलिस ने स्कूट सवार का चालान काट दिया। इस पर सवार पुलिस कर्मी से उलझ गया। इस दौरान स्कूटी पर मां भी सवार थी। दोनों में बाद में किसी को फोन किया और महिला का पति मौके पर पहुंचा और मारपीट की।
पुलिस थाना पुरुवाला में मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने शिकायत में लिखा कि 13 जून की शाम स्कूटी सवार लोगों ने उससे मारपीट की।स्कूटी नाबालिग चला रहा था और उसके पीछे सविता नाम की महिला बैठी थी। जो कि पट्टीनथ्था, शिवपुर, पांवटा साहिब की रहने वाली हैं।
चालान करने पर स्कूटी सवार ने फोन किया था और इस दौरान मौके पर एक व्यक्ति कार लेकर आया और पुलिस कर्मी से उलझ पड़ा था। आरोप है कि कार चालक सचिन ने पुलिस जवान के साथ धक्का-मुक्की की और फिर पिता औऱ बेटे ने जवान को पकड़ लिया औऱ महिला ने थप्पड़ मारे।
फिलहाल, दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पति को तीन दिन के लिए हिरासत में भेजा गया है। आरोपी सविता को रविवार को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। गौर रहे कि इससे पहले भी सिरमौर के पावंटा साहिब में एक शख्स ने पुलिस जवान से मारपीट की थी, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था।

