
शिमला – जसपाल ठाकुर
शिमला के सीमांत क्षेत्र लुहरी में एक बुजुर्ग ने पुल से सतलुज नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अभी तक की पुलिस जांच में बुजुर्ग के मानसिक रूप से परेशान होने का पता चला है।
जानकारी के अनुसार मेहर चंद (86) निवासी पनेवग, डाकघर कुमारसेन, शिमला सोमवार सुबह सतलुज नदी के पुल पर पहुंचा था। इस दौरान वह पुल की साइड में बनी सुरक्षा दीवार पर चढ़ गया। वहां मौजूद कुछ लोग जब तक कुछ समझ पाते बुजुर्ग ने नदी में छलांग लगा दी। लोगों के देखते ही देखते बुजुर्ग पानी के तेज बहाव में बह गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चला है। हालांकि पुलिस का मानना है कि बुजुर्ग मानसिक रूप से परेशान चल रहा था जिस वजह से उसने सतलुज नदी में छलांग लगाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
