हिमखबर डेस्क
पशुपालन विभाग ने पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया के लिए शारीरिक दक्षता के मानकों में संशोधन कर दिया है। विभाग की ओर से 6 मार्च 2026 को जारी की गई नई अधिसूचना के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों को 30 मिनट में पांच किलोमीटर (5000 मीटर) की दौड़ पूरी करनी होगी।
वहीं, महिला अभ्यर्थी को महिला अभ्यर्थियों को 1500 मीटर की दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी होगी।यह निर्णय भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा के बाद लिया गया है, ताकि फील्ड में कठिन कार्यों के लिए सक्षम उम्मीदवारों का चयन सुनिश्चित हो सके।
पशु पालन विभाग कांगड़ा उप निदेशक सीमा गुलेरिया के बोल
पशु पालन विभाग कांगड़ा की उप निदेशक सीमा गुलेरिया ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी पूर्व में आयोजित शारीरिक परीक्षण में सफल हो चुके हैं, उन्हें नई नीति के तहत भी स्वतः योग्य माना जाएगा। वहीं, जो अभ्यर्थी पहले असफल रहे थे उन्हें इस नए प्रारूप के तहत अपनी दक्षता साबित करने का एक और अवसर प्रदान किया जाएगा।
पशुपालन विभाग के अनुसार पशु मित्र का कार्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें बड़े पशुओं (गाय, भैंस, घोड़े) का प्रबंधन और 50 किलोग्राम तक के चारे के बैग का परिवहन जैसे शारीरिक श्रम वाले कार्य शामिल हैं।
उप निदेशक ने बताया कि यह दौड़ कोई प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक फंक्शनल फिटनेस टेस्ट है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कार्यकर्ता और पशुधन दोनों सुरक्षित रहें। अब तक 315 अभ्यर्थी सफलतापूर्वक यह परीक्षण दे चुके हैं और केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

