सुंदरनगर की चुरढ़ पंचायत में लगातार बारिश से बरपा कुदरत का कहर, लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ दरकने से अचानक मलबा मकानों में घुस गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
हिमखबर डेस्क
उपमंडल सुंदरनगर की ग्राम पंचायत चुरढ़ में गुरुवार को भारी वर्षा के बाद हुए भू-स्खलन ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। चुरढ़ स्कूल के समीप दो रिहायशी मकानों के बीच अचानक पहाड़ी का हिस्सा खिसक जाने से बड़े-बड़े पत्थर और भारी मात्रा में मलबा मकानों की ओर आ गया, जिससे दो तीन मंजिला मकानों को भारी नुकसान पहुंचा।
गनीमत यह रही कि समय रहते परिवार के सदस्य सुरक्षित स्थानों पर चले गए, जिसके चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। तडक़े क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद दोपहर करीब 12 बजे नंदलाल पुत्र नरसिंघु तथा ब्रेस्तु राम शास्त्री पुत्र नरसिंघु निवासी चुरढ़ के मकानों के साथ लगी जमीन अचानक धंस गई। देखते ही देखते पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें नीचे आ गई, जिससे दोनों मकानों के निचले हिस्से प्रभावित हुए।
भू-स्खलन इतना तेज था कि आसपास के लोग भी सहम गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों के अनुसार कुछ ही मिनटों में दोनों मकानों के बीच की जगह मलबे से भर गई। मकानों के नीचे बने चार शटर भी इसकी चपेट में आ गए, जिनमें खड़ी दो कारें पूरी तरह मलबे में दब गईं। घटना के बाद प्रभावित परिवारों और आसपास के लोगों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया।
प्रशासन ने लिया जायजा
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, तहसीलदार अंकित शर्मा, विधायक राकेश जम्वाल जिला परिषद चेयरमैन अमरू राम, जिला परिषद सदस्य डैहर वार्ड रोशन लाल कमलू तथा पंचायत प्रधान परस राम मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक निर्देश भी जारी किए। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित परिवारों को मकानों से बाहर रहने की सलाह दी है।
प्रशासप से भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण करवाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भू-स्खलन का खतरा बढ़ गया है ।
प्रभावित परिवारों को सौंपी तिरपाल
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि गुरुवार दोपहर को अचानक दो मकानों के बीच भारी मात्रा में मलबा आने से चार शटर दब गए हैं, जिनमें दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को तिरपाल उपलब्ध करवा दिए गए हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

