
नूरपुर – देवांश राजपूत
वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत आज मंगलवार को नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के कोपड़ा,औंद,लदौड़ी,जोंटा,कोटपलाहड़ी तथा पन्दरेहड़ पंचायतों में लोगों की समस्याओं को सुना तथा विकास कार्यों का जायजा लिया। इस मौके पर पंचायतों के प्रतिनिधि तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
वन मंत्री ने जाइका परियोजना पर बोलते हुए कहा कि यह परियोजना महिलाओं के जीवन में खुशहाली लाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर तथा आर्थिक तौर से सुदृढ़ बनाने में विशेष भूमिका निभाएगी।
उन्होंने महिलाओं से स्वयं सहायता समूह के जरिए स्थानीय जरूरतों के अनुरूप उत्पाद तैयार करने का आह्वान किया । जिसके लिए जाइका परियोजना के माध्यम से उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त तैयार उत्पादों की मार्केटिंग के लिए भी अच्छा प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि उन्हें उत्पादों के अच्छे दाम मिल सकें।
उन्होंने स्वयं सहायता समूहों सहित महिला मंडल सदस्यों से इस परियोजना के तहत पंजीकरण करवाने के लिए आगे आने का आह्वान किया ताकि उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।
राकेश पठानिया ने जनता से नूरपुर में 18 तथा 19 अगस्त को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया ताकि इस महोत्सव को अविस्मरणीय बनाया जा सके ।
वन मंत्री ने इस दौरान जनसमस्याओं को सुना तथा अधिकतर का मौके पर निपटारा कर शेष समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर डीएफओ कुलदीप जमवाल, बीडीओ श्याम सिंह, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता पीसी चंदेल, रेंज ऑफिसर शशि पॉल, जल शक्ति विभाग के एसडीओ देवेंद्र राणा सहित अन्य विभागों के अधिकारी, पंचायतों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
