
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की तिरंगा रैली चर्चा का विषय बनी है। रैली की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
इन तस्वीरों में तिरंगा रैली में शामिल भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र ध्वज तिरंगे को उल्टा पकड़े हुए हैं। वहीं कई जगह तिरंगा बाइक पर जूते को छूता नजर आ रहा है। कहीं तिरंगे को घुटने से नीचे बाइक पर बांधा गया है। बताया जा रहा है कि तिरंगा रैली रेणुका भाजपा युवा मोर्चा ने संगड़ाह से दो सड़का तक निकाली थी।
इस बीच, सोशल मीडिया पर वायरल इन तस्वीरों को हवाला देकर कांग्रेस ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है। पार्टी ने तिरंगे के अपमान पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज करने की मांग कर डाली है।
प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ओपी ठाकुर ने कहा कि तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर तिरंगा उल्टा पकड़ा है।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगे को घुटने के पास बाइकों में बांधा है और तिरंगा उनके जूते को छूता नजर आ रहा है।
ओपी ठाकुर ने कहा कि तिरंगा हमारा राष्ट्रध्वज है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगे के साथ जो अपमानजक व्यवहार किया है वह शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज का अपमान करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए अन्यथा युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरकर प्रशासन व सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी।
उधर भाजपा रेणुका मंडल के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने मामला संज्ञान में न आने की बात कही है।
