
हमीरपुर – अनिल कपलेश
बेटे के साथ बाइक पर घर लौट रही बंगाणा क्षेत्र की एक महिला का बैग पंजाब के तीन बाइक सवार युवकों ने कड़साई गांव के पास छीन लिया। वारदात का पता चलने पर तनोह में बड़ी संख्या में एकत्र हुए लोगों ने आरोपितों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की।
पुलिस ने महिला के बैग को रिकवर कर लिया है जिसमें दस हजार रुपये व मोबाइल फोन था। इसके अलावा पुलिस ने आरोपितों के पास प्रतिबंधित दवाएं, स्मैक व सौ रुपये का जला हुआ नोट बरामद किया है।
आरोपितों की पहचान प्रदीप सिंह निवासी गांव मेघोवाल तहसील गढ़शंकर जिला होशियारपुर पंजाब, रविंद्र कुमार निवासी गांव मतावर डाकखाना गोगो थाना गढ़शंकर, राहुल निवासी मुसावादपुर गढ़शंकर जिला होशियारपुर पंजाब के रूप में हुई है।
महिला अपने बेटे के साथ बाइक पर हमीरपुर से वापस पेपर दिलाकर घर लौट रही थी। बड़सर की उतराई पर एक बाइक पर सवार पंजाब के तीन युवक उनका पीछा करने लगे। युवक वारदात को अंजाम देने के लिए बाइक आगे-पीछे करने लगे।
कड़साई गांव के समीप इन युवकों ने महिला व बेटे की बाइक के समानांतर आकर झपटा मारकर बैग छीन लिया और फरार हो गए। महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसी समय तनोह गांव के बीडीसी सदस्य तरसेम लाल वहां से जा रहे थे।
पीडि़त महिला ने अपने साथ हुई वारदात के बारे में उन्हें जानकारी दी। तरसेम लाल ने तुरंत तनोह गांव में अपनी दुकान पर फोन करके पंजाब के युवकों को रोकने के लिए निर्देश दिए। तनोह गांव में दुकानदारों ने नाका लगा दिया।
नाका देखकर बाइक पर सवार युवक नेशनल हाईवे को छोड़ संपर्क मार्ग की तरफ से जाने लगे। इस बीच उन्होंने महिला का मोबाइल फोन फेंक दिया। जबकि बड़ी संख्या में एकत्र हुए लोगों ने इन युवकों को दबोच लिया जमकर पीटा।
घटना के बारे में बंगाणा थाना को सूचना दी गई। थाना प्रभारी प्रेमपाल शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों युवकों को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
