
देहरा – आशीष कुमार
राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ढलियारा में शनिवार को हुए ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ओएसए) के गठन को लेकर पैदा हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।
सोमवार को चुनाव के दौरान हुए मतदान का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से लोग कालेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति तीन बार मतपेटी में वोट डाल रहा है। साथ ही मतपेटी के आसपास करीब 10 लोग लोग खड़े हैं। कौन किसका वोट डाल रहा है पता ही नहीं चल रहा है।
साथ ही मतदाता की पहचान भी नहीं की जा रही है जबकि कालेज प्रशासन ने उसी दिन कहा था कि चुनाव संविधान के अनुसार और निष्पक्ष हुआ है। शनिवार को कालेज में ओएसए का दोबारा गठन किया जाना था।
इस बीच अध्यक्ष पद के इच्छुक दो उम्मीदवारों ने एक अन्य प्रत्याशी से कालेज प्रशासन की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार किया था। इसके बाद भी एक उम्मीदवार के लिए मतदान करवाया गया जबकि किसी उम्मीदवार ने नामांकन तक नहीं किया था।
वहीं ओएसए में अध्यक्ष पद के इच्छुक रहे जसबीर सिंह का कहना है कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि पसंदीदा उम्मीदवार को जिताने के लिए कालेज प्रशासन किस हद तक पहुंच गया था।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति तीन बार वोट डालता दिख रहा है जबकि पास बैठा कालेज स्टाफ इसे पूरी तरह अनदेखा कर रहा है।
वहीं इस पद के एक अन्य इच्छुक उम्मीदवार सतीश कुमार का कहना है कि कालेज प्रशासन ने किसी के इशारे पर चुनाव प्रक्रिया का मजाक बनाया है।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि मतदान प्रक्रिया के दौरान मतपेटी को किस तरह लोग घेर कर खड़े हैं। कालेज प्रशासन ने ओएसए की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
दूसरी ओर, कालेज के प्राचार्य डा. प्रमोद सिंह ने इस मामले पर किसी टिप्पणी से इन्कार किया है।
