
शिव मंदिर बैजनाथ में 18 जुलाई से होगा मेलों का आगाज, सुबह चार बजे से खुलेगा मंदिर
बैजनाथ – बर्फू
ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में इस बार सावन माह के पांच सोमवार के मेलों का आयोजन होगा। 18 जुलाई से आरंभ होने जा रहे सोमवार मेलों के चलते शिव भक्त सुबह चार बजे मंदिर खुलने पर दर्शन सकेंगे।
मंदिर देर रात भक्तों के आगमन तक खुला रखा जाएगा। इस बार मेला ग्राउंड में एक महीना तक लगने वाले मेलों का भी आयोजन किया जाएगा। मेला मैदान में लगने वाले मेले के लिए 13 से 16 जुलाई तक प्रशासन द्वारा गठित कमेटी द्वारा दुकानों व स्टालों का आबंटन किया जाएगा।
शिव भक्तों को सावन माह के मेलों के दौरान भोलेनाथ जी के दर्शन बाहर से ही करने होंगे। कोई भी मंदिर के गर्भ गृह में जाकर जलाभिषेक नहीं कर सकेगा। इस बार पांच सोमवार मेलों के दौरान शिव भक्तों द्वारा भंडारों का आयोजित भी किया जाएगा।
पहला सोमवार 18 जुलाई को, दूसरा 25 जुलाई, तीसरा पहली अगस्त, चौथा आठ अगस्त और अंतिम सोमवार मेला 15 अगस्त को होगा। इस बारे मंदिर ट्रस्ट की बैठक ट्रस्ट की सहायक आयुक्त की अध्यक्षता में हुई।
इस मौके पर मंदिर अधिकारी नायब तहसीलदार विजय कुमार भी मौजूद रहे, जिसमें सावन मास के मेलों, मंदिर के खुलने व बंद होने के समय, बिजली की व्यवस्था तथा खीर गंगा के घाट की व्यवस्था को लेकर विभिन्न चर्च मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि खीर गंगा घाट में नहाने के लिए भी उचित व्यवस्था की जाएगी। साथ में खीर गंगा घाट को जाने वाली सीढिय़ों की मरम्मत, वहां पर लाइटों व सफाई की व्यवस्था भी की जाएगी।
मंदिर अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि इस बार मंदिर के गर्भ गृह को फूलों से व मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। साथ में शिव भक्तों की सुविधा हेतु मंदिर परिसर में वाटर प्रूफ टैंट लगाया जाएगा, ताकि बारिश में शिव भक्तों को भीगना न पड़े।
भक्त कोरोना नियमों का रखें ध्यान
मंदिर अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि श्रद्धालु निर्धारित कोरोना नियमों का पालन करते हुए दर्शन कर सकते हैं। साथ में यहां लगने वाले भंडारों में भी सभी को कोरोना नियमों का पालन करना होगा। मंदिर परिसर में बकायदा सभी को सेनेटाइजर की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन मास के सोमवार के दिनों में अधिकारियों, कर्मचारियों और पुजारियों की ड्यूटी और पर्ची संबंधी व्यवस्था की रूपरेखा शीघ्र ही प्रशासन द्वारा तैयार की जाएगी
