
कांगड़ा – राजीव जसवाल
आज एसडीएम कांगड़ा आईएएस नवीन तंवर की अध्यक्षता में संयुक्त कार्यालय भवन कांगड़ा में ऑटो रिक्शा चालकों के प्रतिनिधियों के साथ उनकी विस्तृत समस्याओं पर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम कांगड़ा सहित तहसीलदार, उप-तहसीलदार, ट्रैफिक इंचार्ज, आरटीओ कार्यालय के अधिकारी, व्यापार मंडल के सदस्य और ऑटो रिक्शा चालकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में एसडीएम कांगड़ा द्वारा ऑटो रिक्शा चालक प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनने उपरांत कमेटियों का गठन किया गया। इन कमेटियों को अति शीघ्र ऑटो चालकों की समस्याओं के अनुरूप रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने गठित कमेटियों को निर्देश दिए कि ऑटो रिक्शा चालकों द्वारा सवारिया चढ़ाने और उतारने के स्थान निश्चित हो, किराया निश्चित हो, सवारियों की संख्या निश्चित हो इन सभी विषयों पर रिपोर्ट बनाई जाए। उन्होंने बताया कि गठित कमेटियों द्वारा रिपोर्ट बनाने के उपरांत आगे की कार्यवाही जल्द अमल में लाई जाएगी।
एसडीएम कांगड़ा ने कहा कि ऑटो रिक्शा चालकों के लिए जब तक उचित स्थान की व्यवस्था नहीं हो जाती तब तक तहसील चौक के साथ अभी जहां पर ऑटो रिक्शा खड़े होते हैं, अभी इसी स्थान पर इन्हें अस्थाई तौर पर व्यवस्थित तरीके से ऑटो रिक्शा खड़े करने के लिए कहा गया है ताकि यहां से गुजरने वाले वाहनों और आने जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े।
