
हमीरपुर – अनिल कल्पेश
जमीनी विवाद के चलते नादौन की बर्धयाड पंचायत के भगवानी गांव में दो महिलाओं में जम कर पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। घटना गुरुवार दोपहर की है, जब मामूली बात को लेकर मारपीट आरंभ हो गई।
पुलिस थाना नादौन में दी अपनी शिकायत में पीडि़ता नीलम पत्नी स्वर्गीय महेश चंद ने आरोप लगाया कि जब बीना देवी पत्नी राकेश कुमार उनकी निजी भूमि में से स्कूटी पर सवार होकर जा रही थी, तो उसने कहा कि आपको केवल पैदल चलने के लिए स्वीकृति दी गई है और यहां से स्कूटी मत निकाला करो।
इसी बात को लेकर बीना देवी व उसकी सास ने मारपीट आरंभ कर दी। नीलम का कहना है कि वीना के ससुर ने भी उससे मारपीट की, जिससे उसके दांत हिल गए हैं तथा सिर व अन्य भागों पर चोटें आई हैं।
उसने बताया कि पिछले दिनों दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने उनकी दीवार गिरा दी थी। उसने बताया कि कुछ लोग उनकी निजी भूमि में से रास्ता बनाना चाहते हैं, उसने न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी योगराज ने बताया कि पीडि़ता का मेडिकल करवाकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
