
कोटला – ब्यूरो
उपमंडल कोटला के अधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटला में कार्यरत एकमात्र चिकित्सक की ड्यूटी डेपुटेशन पर सिविल अस्पताल जवाली में लगाए जाने से कोटला क्षेत्र की कोटला, भाली, त्रिलोकपुर, न्यांगल, सोलदा, डोल, दुराना, सियूनी, पद्दर सहित 14 पंचायतों व चंबा की साथ लगती पंचायत के लोगों में रोष पनप उठा है।
ग्राम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटला पर 14 पंचायतों की जनता चिकित्सा सुविधा के लिए निर्भर करती है, इसके अलावा उक्त अस्पताल पठानकोट-मंडी नेशनल हाइवे के किनारे है तथा आएदिन कोई न कोई दुर्घटना घटित होने पर लोग चिकित्सा सुविधा लेने अस्पताल में आते हैं तथा ऐसे में अगर कार्यरत एकमात्र डॉक्टर की ड्यूटी डेपुटेशन पर सिविल अस्पताल जवाली में लगाई जाएगी तो उस दिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटला में चिकित्सा सुविधा चरमरा कर रह जाएगी।
जिस दिन डॉक्टर की ड्यूटी जवाली में होगी, उस दिन लोगों को चिकित्सा सुविधा लेने के लिए 40 किलोमीटर दूर शाहपुर अस्पताल या फिर 50 किलोमीटर दूर नूरपुर अस्पताल में जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कोटला की जनता को परेशान करने के लिए पीएचसी कोटला में कार्यरत एकमात्र डॉक्टर को डेपुटेशन पर जवाली अस्पताल में लगाया गया है।
जनता ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटला में लैब तकनीशियन नहीं है, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व स्टाफ नर्स का पद रिक्त है तथा डॉक्टर स्वयं ही मरीज की पर्ची बनाते हैं व स्वयं ही दवाई देते हैं। रोजाना 80 से 100 मरीज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटला में चिकित्सा सुविधा के लिए आते हैं।
लोगों ने कहा कि जनता कोटला अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की आस में बैठी है। पंचायत के लोगों ने कहा कि डेपुटेशन को रद्द नहीं किया गया तो समस्त पंचायतों के लोग एकजुट होकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे तथा अस्पताल में तालाबंदी कर देंगे।
बीडीसी सुरिंदर कुमार का आरोप:
इस बारे में बीडीसी सुरिंदर कुमार ने कहा कि विधायक अर्जुन सिंह के इशारे पर कोटला क्षेत्र की जनता को परेशान करने के उद्देश्य से यह सब किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर एकमात्र डॉक्टर की ड्यूटी डेपुटेशन पर जवाली में लगाई गई तो मैं पीएचसी कोटला के गेट पर धरना देने के लिए बैठ जाऊंगा।
बीएमओ नगरोटा सूरियां के बोल:
इस बारे में बीएमओ नगरोटा सूरियां डॉ प्रिया ने कहा कि एक माह दो-तीन दिन के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटला में कार्यरत डॉक्टर की ड्यूटी डेपुटेशन पर सिविल अस्पताल जवाली में लगाई गई है। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल जवाली में एक डॉक्टर छुट्टी पर है जबकि एक कहीं बाहर ड्यूटी पर गया है। ऐसे में डेपुटेशन पर ड्यूटी लगाई है।
चेताया – डेपुटेशन रद्द नहीं किया तो अस्पताल में कर देंगे तालाबंदी
