
देहरा – आशीष कुमार
देहरा पुलिस की साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई महिला के एक लाख 60 हजार रुपये की रकम वापस दिला दी है।
डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि करीब दो सप्ताह पहले उनके पास बगलामुखी मंदिर बनखंडी के एक पंडित की पत्नी नीना ऑनलाइन ठगी की शिकायत लेकर आई थी।
शातिर का बगलामुखी मंदिर में पंडित के मोबाइल पर फोन आया कि उन्हें ऑनलाइन पाठ करवाना है। शातिर ने पाठ करवाने की एवज में दक्षिणा पेटीएम से देने की बात कही। शातिर ने पंडित की पत्नी को अपनी बातों में उलझा लिया।
शातिर ने कहा उन्हें एक ओटीपी आएगा। इसके बाद दक्षिणा (पैसे) उनके खाते में आ जाएंगे। महिला शातिर के झांसे में आ गई और मोबाइल फोन पर आए ओटीपी शातिर को बता दिए।
इसके बात महिला के खाते से 20-20 हजार करके 1 लाख 60 हजार रुपये निकल गए। पुलिस ने संबंधित अकाउंट की जानकारी ली और अकाउंट फ्रीज करवा दिया।
जांच के दौरान पाया कि यह अकाउंट भरतपुर (राजस्थान) का है। यह अकाउंट एक गेमिंग पोर्टल का है। पुलिस ने जब गेमिंग पोर्टल से जानकारी ली तो पता चला कि शातिर व्यक्ति ने उनके अकाउंट में पैसे गलती से डलवा दिए थे।
उन्होंने पुलिस से सहयोग करके पीड़ित महिला के अकाउंट में 1 लाख 60 हजार रुपये डाल दिए।
