
सिहुंता- अनिल संब्याल
बिजली बिल की समय पर अदायगी न करने वाले उपमंडल सिहुंता के 39 उपभोक्ताओं पर बोर्ड ने कार्रवाई की है। बोर्ड की टीमों ने उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए हैं। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अगर उपभोक्ता 15 दिन के भीतर बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनका कनेक्शन स्थायी तौर पर काट दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार उपभोक्ताओं ने पिछले तीन से चार माह का बिजली बिल जमा नहीं करवाया था। इस अवधि में बोर्ड की ओर से नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन उपभोक्ताओं ने बोर्ड के निर्देशों को हल्के में लिया। बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से दो लाख 16 हजार की राशि वसूलनी थी।
बहरहाल, बोर्ड ने उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करते हुए बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए। इससे अब इन उपभोक्ताओं को अंधेरे में रातें गुजारनी पड़ रही हैं। गौरतलब है कि इन उपभोक्ताओं को अपना कनेक्शन लगवाने के लिए निर्धारित शुल्क सहित लंबित बिजली बिल जमा करवाना होगा। ऐसा न करने पर उनका कनेक्शन स्थायी तौर पर काट दिया जाएगा। उसके बाद उन्हें कनेक्शन लेने के लिए तमाम औपचारिकताएं सिरे से पूरी करनी पड़ेंगी।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता कुलजीत परमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 39 बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए गए हैं। कहा कि अगर 15 दिन में बिल जमा नहीं करवाते हैं तो यह कनेक्शन स्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे।
