
बैजनाथ- बर्फू
एसएफआई की जिला कमेटी का 28वां जिला सम्मेलन बैजनाथ में हुआ। इस दो दिवसीय सम्मेलन में 21 सदस्यीय कमेटी चुनी गई, जिसमें पूजा को अध्यक्ष और रजनी को सचिव चुना गया।
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए राज्य सचिव अमित ठाकुर ने सांप्रदायिकता व शिक्षा के निजीकरण को लेकर बात रखी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति को शिक्षा पर बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा का निजीकरण और व्यापारीकरण तेजी से बढ़ेगा।
शिक्षा का अधिकार मौलिक अधिकार न रहकर केवल व्यापार की वस्तु बनकर रह जाएगी। इसके पश्चात पिछले दो वर्ष की रिपोर्ट पेश की गई, जिसमें संगठन को उपलब्धियां व भविष्य में किस तरह संगठन को आगे बढ़ाया जाए, इस पर चर्चा की गई।
एसएफआई की नवनियुक्त जिला अध्यक्ष पूजा ठाकुर ने कहा कि जब से प्रदेश में बीजेपी सरकार सत्ता में आई है, तब से छात्रों के मौलिक अधिकारों के हनन की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज महाविद्यालयों में अध्यापकों के पद रिक्त पड़े हुए हैं और लगातार फीसों में बढ़ोतरी हो रही है।
नवनियुक्त जिला सचिव रजनी ने कहा कि पीटीए फंड के नाम पर नाजायज वसूली हो रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति को आनन-फनान में छात्रों पर थोपा जा रहा है, जिससे प्रतीत होता है कि केंद्र और राज्य सरकारें शिक्षा के निजीकरण से छात्रों को शिक्षा से दूर करने की कोशिश कर रही है।
