
मुख्यमंत्री चन्नी का दावा पंजाब और हिमाचल में कांग्रेस बनाएगी सरकार, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष चौधरी राम कुमार के घर पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का आश्वासन, मार्गों की जल्द सुधरेगी हालत।
नालागढ़- सुभाष चंदेल
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने हिमाचल से पंजाब को जोडऩे वाले तमाम सड़क मार्गों की दशा सुधारने का आश्वासन दिया है। उन्होंने दून के पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष चौधरी राम कुमार की मांग पर यह आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने सिसवां डैम को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने तथा चुनड़ी गांव के साथ लगते पंजाब के क्षेत्र तक प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण करने की भी बात कही, इसके अलावा वाया झीड़ा-लखनपुरा मार्ग को चंड़ीगढ से जोडऩे के मसले पर भी प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सीएम ने कहा कि चौधरी राम कुमार द्वारा मामला उनके ध्यान में लाने के उपरांत ढेरोंवाल से घनौली मार्ग की दशा सुधारने के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है और जल्द ही इसका निमार्ण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी बीते गुरुवार की शाम अपने परिवार सहित संडोली गांव में पूर्व विधायक चौधरी रामकुमार की शादी की 25वीं सालगिरह पर आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे।
इस दौरान सीएम ने चौधरी दंपति को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री चन्नी ने दावा किया कि पंजाब व हिमाचल में कांग्रेस बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में काबिज होगी।
बद्दी में कांग्रेस ने किया गर्मजोशी से स्वागत
पुलिस के पुख्ता इंतजाम के बीच सीएम चरणजीत सिंह चन्नी गुरुवार शाम चौधरी राम कुमार के हरीपुर संड़ोली स्थित निवास स्थान पर पहुंचे। सीएम का एसडीएम नालागढ़ ने प्रदेश सरकार की तरफ से स्वागत किया ।
सीएम बनने के उपरांत पहली मर्तबा दून पहुंचे चरणजीत सिंह चन्नी का दून के पूर्व विधायक राम कुमार चौधरी, कांग्रेस प्रदेश सचिव मदन चौधरी, बीबीएन ट्रक आपरेटर सोसायटी के प्रधान हरभजन चौधरी, हुकम चंद, कर्मचंद, पार्षद सुरजीत चौधरी, मोहन लाल, जस्सी चौधरी, नरेश कुमार, इंटक के बीबीएन अध्यक्ष संजीव कुंडलस, ब्लॉक अध्यक्ष दयाराम रेंजर, डीसीसी के सदस्य अच्छरपाल कौशल, प्रधान हंसराज, उपप्रधान हितेंद्र शर्मा, बीडीसी सदस्य रामरतन चौधरी, भटोलीकलां के उपप्रधान मुख्तयार मोहम्मद बिल्लू,, जय कुमार , धर्मपाल माडू, गुरचरण चन्नी, सोहन लाल, जस्सी, अजितेश,लेख राम नंबरदार, प्रदीप धीमान, बिंदर चौधरी, योगरात भाटिया, पोला राम चौधरी, ओमप्रकाश व मेहर चंद समेत दर्जनों लोगों ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
