
भरमौर, भूषण गुरूंग
जल शक्ति विभाग मंडल भरमौर में बीते वर्ष पैरा फिटर, मल्टीपर्पज वर्कर तथा जल रक्षकों के पद भरने को लेकर लिए गए साक्षात्कार का परिणाम छह माह बीत जाने के बाद भी घोषित नहीं हुआ है। ऐसे में साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लेने वाले आवेदनकर्ता स्वयं को ठगा महसूस कर रहे हैं, जबकि, इन पदों के भरे जाने के बाद मिलने वाली सुविधाओं से भी लोग वंचित हैं।
उक्त पदों को भरने के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया बीते वर्ष दिसंबर माह तक चली थी। साक्षात्कार संपन्न होने के बाद आवेदनकर्ताओं को उम्मीद थी कि जल्द इसका परिणाम घोषित हो जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार मिलने के साथ ही विभाग में खाली चले पदों में से अधिकतर पद भर जाएंगे, लेकिन, अभी तक महज निराशा के अलावा इनके हाथ कुछ नहीं लगा है।
उक्त पदों के लिए जल शक्ति विभाग मंडल भरमौर के अधीन तीन उपमंडल कार्यालय भरमौर, होली तथा धरवाला के तहत आने वाले हजारों आवेदकों ने आवेदन किया था। मंडल भरमौर के साथ ही चंबा, सलूणी तथा डलहौजी में भी साक्षात्कार हुए थे, जिनके परिणाम घोषित किए जा चुके हैं।
ऐसे में लोगों ने विभाग की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लगाने शुरू कर दिए हैं। मौजूदा समय में उक्त तीनों उपमंडल कार्यालयों में साढ़े चार सौ से पांच सौ पद खाली हैं। जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग भी परिणाम घोषित किए जाने के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहा है।
साक्षात्कार पूर्व अधिशाषी अभियंता द्वारा लिए गए थे। लेकिन, उनका तबादला होने के बाद नए अधिशाषी अभियंता ने जानना भी उचित नहीं समझा है। लोगों का कहना है कि जल शक्ति विभाग में खाली पड़े पदों के कारण बेहतर सेवाओं की उम्मीद करना बेमानी है। साक्षात्कार प्रक्रिया अमल में लाई गई थी तो पदों के भरने की उम्मीद जगी थी, लेकिन, अब वह भी टूटती जा रही है।
दिलेर सिंह, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग मंडल भरमौर के बोल मैं अभी पांगी प्रवास पर हूं। मुझे जानकारी नहीं है कि कितने पदों पर साक्षात्कार हुआ था। साक्षात्कार रद होने के विषय में भी जानकारी नहीं है। परिणाम कब तक आएगा। इस विषय को लेकर मैं अभी सही जानकारी नहीं दे सकता हूं।
