
शिमला, जसपाल ठाकुर
पहली जून से अनलॉक की तरफ बढ़ रहे हिमाचल में वीकेंड पर फुल लॉकडाउन लग सकता है। कोरोना हालातों में लगातार सुधार जारी रहने पर सोमवार से शुक्रवार तक सभी दुकानों को खोलने की तैयारी है। जान के साथ आजीविका को बचाए रखने के लिए हो रही इस प्लानिंग में वीकेंड पर ज्यादा सख्ती लगेगी। स्वास्थ्य विभाग इसके लिए मंत्रिमंडल की बैठक में अपनी सिफारिशें रखेगा।
इसके तहत वीकेंड पर फुल लॉकडाउन के साथ दुकानों के समय में भी सख्ती का प्रस्ताव रहेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग दुकानों की टाइमिंग के लिए तीन घंटे की समयावधि को पांच से छह घंटे तक बढ़ाने पर सहमति जता सकता है। हालांकि मुख्यमंत्री ने इसके लिए कई विकल्पों पर विचार करने को कहा है। मसलन ऑड-ईवन या लेफ्ट-राइट मोड के तहत बाजार खोलने की योजना है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने व्यापारमंडलों से मंत्रणा के बाद सभी दुकानों को चरणबद्ध तरीके से खोलने के संकेत दिए हैं। इसी दिशा निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग को भी प्रेजेंटेशन तैयार करने के लिए कहा गया है। हालांकि अब स्वास्थ्य विभाग वीकेंड पर सख्त लॉकडाउन की मांग कर रहा है। इससे शनिवार शाम से लेकर सोमवार सुबह छह बजे तक आवाजाही को भी पूरी तरह प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव है।
हालांकि फाइनल फैसला राज्य सरकार को लेना है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बंदिशों में छूट के लिए कैबिनेट की बैठक बुलाई जाए या नहीं। जाहिर है कि छूट देने का फैसला मुख्यमंत्री उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर कर सकते हैं। मौजूदा बंदिशें सोमवार सुबह छह बजे तक लागू हैं। इस कारण सरकार को हर हाल में रविवार से पहले अगला फैसला लेना होगा।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट-स्कूल रहेंगे बंद स्वास्थ्य विभाग मौजूदा परिस्थितियों के चलते पब्लिक ट्रांसपोर्ट के खोलने के हक में नहीं है। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों को भी यथावत बंद रखने के मूड में है। राज्य सरकार ने स्कूल-कालेज सहित सभी शिक्षण संस्थानों को 31 मई तक बंद रखने का फैसला लिया है। इस कारण सरकार को इन संस्थानों पर भी अगला फैसला लेना होगा।
