हिमाचल में TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस लिमिटेड में फ्लोर स्टाफ के 200 पदों पर भर्ती होगी, 10वीं पास युवाओं के लिए 19 से 21 नवंबर तक मंडी, पधर और गोहर में इंटरव्यू होंगे।
हिमखबर डेस्क
जिला रोज़गार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान ने आज यहां बताया कि टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस लिमिटेड, नालागढ़ द्वारा जिला रोजगार कार्यालय, मंडी को फ्लोर स्टाफ (स्पेयर पार्ट्स की हैंडलिंग) के कुल 200 नियमित पद अधिसूचित किए है। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं पास अथवा इससे अधिक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा केवल पुरुष अभ्यर्थी ही आवेदन के पात्र होंगे।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 14,300 रुपये मासिक वेतन के साथ कर्मचारी भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, अतिरिक्त कार्य का पारिश्रमिक, दो समय का निःशुल्क भोजन, दो समय की निःशुल्क चाय तथा निःशुल्क बस सुविधा प्रदान की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति नालागढ़, जिला सोलन (हि.प्र.) में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थी का नाम हिमाचल प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों एवं उनकी छायाप्रतियों, पासपोर्ट साइज फोटो तथा रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र सहित निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
यह साक्षात्कार उप-रोजगार कार्यालय, पधर में 19 नवंबर, 2026 को प्रातः 10:30 बजे से तथा जिला रोजगार कार्यालय, मंडी में 20 नवंबर, 2026 को प्रातः 10:30 बजे से, उप-रोजगार कार्यालय, गोहर में 21 नवंबर, 2026 को प्रातः 10:30 बजे से लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर मंडी के दूरभाष नम्बर 01905-235508 अथवा सम्बन्धित नियोक्ता के मोबाईल नम्बर +91-92176-69490 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

