मैक्लोडगंज चौक पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हंगामा करने वाले पंजाब के पर्यटक पर कांगड़ा पुलिस ने हिमाचल पुलिस अधिनियम के तहत 5,000 रुपये जुर्माना लगाया।
हिमखबर डेस्क
पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हंगामा करना पंजाब के एक पर्यटक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए व्यक्ति के खिलाफ हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम के तहत 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की सख्त हिदायत देकर उसे छोड़ दिया गया।
मैक्लोडगंज चौक पर परिवार के साथ पी रहा था शराब
जानकारी के अनुसार, रविवार को मैक्लोडगंज पुलिस की टीम इलाके में कानून एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मैक्लोडगंज चौक पर एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ सार्वजनिक स्थान पर शराब पीता हुआ पाया गया।
पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुंचकर उससे पूछताछ की तो वह भड़क गया और चौक पर जोर-जोर से शोर-शराबा करने लगा। हंगामे के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान पुलिस के सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई।
अमृतसर के व्यक्ति पर 5 हजार रुपये का जुर्माना
स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम उक्त व्यक्ति को थाने ले गई। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान गुरतेज सिंह निवासी मकान नंबर-23 एवेन्यू, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई।
पुलिस ने उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 114 के तहत कार्रवाई करते हुए 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला। इसके बाद उसे भविष्य में ऐसी गतिविधि न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
कांगड़ा पुलिस की पर्यटकों से अपील
कांगड़ा पुलिस ने स्थानीय लोगों और बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि देवभूमि की शांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

