हिमाचल के सिरमौर जिले के शिल्ला गांव में चार भाइयों ने एक ही दिन और मुहूर्त में शादी की, चारों दूल्हे अलग-अलग बरात लेकर गए और एक आंगन में चार बहुओं का स्वागत हुआ।
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के शिल्ला गांव में एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक ही परिवार के चार भाइयों ने एक ही दिन और एक ही मुहूर्त में सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। खास बात यह रही कि चारों की बरातें एक ही घर से अलग-अलग दिशाओं में रवाना हुईं और शाम को चारों दूल्हे अपनी जीवनसंगिनियों के साथ घर लौटे।
इसके बाद एक ही आंगन में चार नई बहुओं का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। शादी के मौके पर पूरे शिल्ला गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। दूल्हे का परिवार संयुक्त रूप से रहता है। इस परिवार में पहले 38 सदस्य थे, जो चार नई बहुओं के आने के बाद अब बढ़कर 42 हो गए हैं।

चार दूल्हों ने अलग-अलग गांवों में रचाया विवाह
शिल्ला गांव के प्रताप चौहान और उनके भाई के बेटों का विवाह एक ही दिन संपन्न हुआ। प्रताप सिंह के बेटे भवान सिंह ने मटियाना की शिवानी के साथ सात फेरे लिए। वहीं, रविंद्र चौहान (फौजी) ने दुगाना की रवीना को अपनी जीवनसंगिनी बनाया।
इसके अलावा सुरेंद्र सिंह के बेटे विजय चौहान ने बालीकोटी के चाकरी गांव की प्रमिला और अजय चौहान ने कोडगा के बिराखना गांव की सुनीता के साथ विवाह किया। चारों शादियां एक ही दिन और मुहूर्त में होने के कारण यह आयोजन पूरे क्षेत्र में खास चर्चा का विषय बन गया।
गिरिपार में आज भी कायम है संयुक्त परिवार की परंपरा
गिरिपार क्षेत्र अपनी अनूठी परंपराओं और रीति-रिवाजों के लिए जाना जाता है। यहां आज भी कई गांवों में संयुक्त परिवार व्यवस्था कायम है। एक ही परिवार के कई सदस्य एक छत के नीचे रहते हैं और पारिवारिक संपत्ति का बंटवारा किए बिना मिल-जुलकर जीवन व्यतीत करते हैं।
शिल्ला गांव का देमनेईक परिवार भी इसी परंपरा की मिसाल है। प्रताप और सुरेंद्र से जुड़े इस परिवार में दस भाई एक ही छत के नीचे रहते हैं और अब तक जमीन का बंटवारा भी नहीं हुआ है।
पंचायत प्रधान ने बताई संयुक्त परिवार की खासियत
पंचायत प्रधान गुमान सिंह ने बताया कि गिरिपार क्षेत्र में संयुक्त परिवार प्रणाली आज भी कई परिवारों में कायम है। यहां सैकड़ों परिवार एक ही छत के नीचे मिल-जुलकर रहते हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवार व्यवस्था क्षेत्र की संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा है, जिसे लोग आज भी आगे बढ़ा रहे हैं।
गिरिपार क्षेत्र में जोड़ीदार प्रथा भी प्रचलित है और यह भी अक्सर चर्चा में रहती है। शिल्ला गांव में एक ही दिन चार भाइयों की शादी ने एक बार फिर क्षेत्र की पारिवारिक परंपराओं को सुर्खियों में ला दिया है।

