पुरानी रंजिश के चलते गगल-धर्मशाला रोड पर मचा बवाल, महिलाओं समेत कई लोग जख्मी; पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर दर्ज किए क्रॉस मुकदमे
गगल/कांगड़ा – राजीव जस्वाल
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में गगल बाजार के पास रविवार को दो गुटों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ। पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर डंडों और चाकुओं से हमला कर दिया। इस घटना में करीब 20 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। दिनदहाड़े हुई इस मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गगल-धर्मशाला मार्ग पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के पास रहने वाले दो पक्षों के बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते डंडों और चाकुओं का इस्तेमाल होने लगा। इस दौरान करीब 15 से 20 लोग घायल हो गए।
घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज और तियारा अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तियारा पहुंचाया गया। झड़प में पुरुषों के साथ महिलाएं भी घायल हुई हैं। मारपीट के चलते गगल-धर्मशाला सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
दोनों पक्षों पर क्रॉस मुकदमे दर्ज
पुलिस थाना गगल के प्रभारी उधम सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गगल-धर्मशाला रोड पर PNB बैंक के पास रहने वाले लोगों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। झगड़े के वास्तविक कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

