हिमाचल प्रदेश के रामपुर लवी मेले में जुआ खेलने का मामला सामने आया है, पुलिस ने छापेमारी कर मौके से 7 लोगों को पकड़ा, मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी।
हिमखबर डेस्क
पुलिस थाना झाकड़ी के तहत एक होमस्टे में जुआ खेल रहे सात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से 10 हजार रुपए की नकदी और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार मध्यरात्रि को उपमंडल रामपुर की डिटेक्शन सेल की टीम को एक होमस्टे में जुआ खेले जाने की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान सात व्यक्ति ताश के पत्तों के माध्यम से जुआ खेलते हुए पाए गए।पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए जुआ खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे 52 ताश के पत्तों और 10 हजार रुपए की नकदी को कब्जे में लिया।
आरोपियों की पहचान खुशपाल मेहता निवासी सनारसा, जगदीप सिंह निवासी जनकपुरी किन्नौर, शिव सिंह निवासी चांदपुर, निका राम निवासी सनारसा, राजेंद्र ठाकुर निवासी समेज, सतीश कुमार निवासी पाटी बसारा और कीरत देव निवासी मोहाली के रूप में हुई है।
पुलिस ने थाना झाकड़ी में सातों व्यक्तियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
डीएसपी सिद्धार्थ का कहना है कि क्षेत्र में जुआ सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

