कोटला पुलिस स्टेशन: 1926 की कोटला पुलिस चौकी अब बनी थाना, मंत्री चंद्र कुमार ने किया उद्घाटन

--Advertisement--

कांगड़ा के कोटला में वर्ष 1926 में स्थापित पुलिस चौकी को अब पुलिस थाने का दर्जा मिल गया है। मंत्री चंद्र कुमार ने नए थाने का उद्घाटन किया। इससे क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कोटला – स्वयम

विधानसभा क्षेत्र ज्वाली के अंतर्गत पड़ती कोटला बेल्ट की 15 पंचायतों बल्लाह कोटला, सोलधा, न्यांगल, त्रिलोकपुर, भाली, जोल, सियूनी, जांगल, कुठेहड़, नढोली, डोल (भटेहड़), पदर, रजोल, कोठीबंडा तथा बेही पठियार की चिरलंबित मांग पूरी होने से खुशी की लहर है।

अब कोटला बेल्ट की जनता को थाना संबंधित कार्य करवाने के लिए 30 किलोमीटर दूर ज्वाली थाना में जाने से भी निजात मिलेगी। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चन्द्र कुमार ने वर्ष 1926 में अंग्रेजों के समय खोली गई पुलिस चौकी कोटला के स्तरोन्नत होकर थाना बनने का विधिवत उद्घाटन किया।

मंत्री चौधरी चन्द्र कुमार ने सीसीटीएनएस के ऑनलाइन सर्वर पर पुलिस थाना कोटला की पहली डेली डायरी एंट्री दर्ज कर सीसीटीएनएस प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही पुलिस थाना कोटला की ऑनलाइन पुलिसिंग व्यवस्था का औपचारिक रूप से आगाज हुआ।

सीसीटीएनएस के माध्यम से पुलिस थाना स्तर पर विभिन्न पुलिस प्रक्रियाओं एवं अभिलेखों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ने में सहायता मिलेगी तथा पुलिस सेवाओं को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

कोटला में पहुंचने पर मंत्री चौधरी चन्द्र कुमार का जोरदार स्वागत किया गया। पुलिस थाना कोटला का विधिवत उद्घाटन करने के बाद मंत्री चौधरी चन्द्र कुमार ने कहा कि कोटला बेल्ट की जनता ने इस मांग को मेरे समक्ष उठाया था तथा मैंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष इस बात को रखा जिस पर मुख्यमंत्री ने मोहर लगा दी।

उन्होंने कहा कि जल्द ही थाना को अपना आलीशान भवन मिलेगा तथा पर्याप्त स्टाफ की भी नियुक्ति होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार विकास करवाने में विश्वास रखती है तथा हमेशा ही विकास को तरजीह देती है।

उन्होंने कहा कि कोटला बेल्ट जिला चंबा की सीमा के साथ लगती है तथा सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी कोटला का स्तरोन्नत होना अनिवार्य हो गया था। उन्होंने कहा कि इससे अब सुरक्षा पहले से ज्यादा मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा मात्र झूठ का पुलिंदा है जिसकी करनी व कथनी में जमीन आसमान का अंतर है। उन्होंने कहा कि ज्वाली में ही भाजपा टिकट के लिए जंग चल रही है जबकि विकास की परिभाषा दोनों ही नहीं जानते हैं। उन्होंने कहा कि पहले अपनी टिकट तो पक्की कर लो, उसके बाद जनता के बीच जाकर प्रचार करो।

ये रहे उपस्तिथ

इस मौके पर एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज, एएसपी धर्म चंद वर्मा, डीएसपी जवाली तेजेंद्र वर्मा सहित काफी संख्या में अधिकारी कर्मचारी व कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related