अंडर-14 छात्र जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का ऋषिकेश में भव्य समापन, विवेक कुमार ने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने और खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का किया आह्वान
हिमखबर डेस्क
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश में आयोजित अंडर-14 छात्र जोनल खेलकूद प्रतियोगिता, ब्लॉक घुमारवीं-II, जिला बिलासपुर का सोमवार को भव्य एवं गरिमापूर्ण समापन हुआ। समापन समारोह में विवेक कुमार, महासचिव कांग्रेस कमेटी हिमाचल प्रदेश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
समापन समारोह के दौरान प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत कर खेल भावना, अनुशासन और एकता का परिचय दिया। इस अवसर पर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में राजकीय माध्यमिक पाठशाला बलोही और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर विजेता रही।
कबड्डी के फाइनल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं और मिनर्वा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं ने जीत हासिल की।
बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में शिवा इंटरनेशनल स्कूल घुमारवीं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरपुर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें शिवा इंटरनेशनल स्कूल घुमारवीं विजेता रहा।
शतरंज प्रतियोगिता में शिवा इंटरनेशनल स्कूल और हिम सर्वोदय के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें शिवा इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
खो-खो के फाइनल मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनथर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भगेड़ के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनथर विजेता रही।
कुश्ती में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
कुश्ती प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 35 किलोग्राम भार वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरपुर के एकाक्ष बह्या, 38 किलोग्राम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर के वैष्णव, 41 किलोग्राम में औहर के आरव, 44 किलोग्राम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं के गौरव नड्डा, 48 किलोग्राम में शिवा इंटरनेशनल स्कूल के हनीश, 52 किलोग्राम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भगेड़ के विक्रांत, 57 किलोग्राम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर के रितेश तथा 62 किलोग्राम भार वर्ग में शिवा इंटरनेशनल स्कूल के अभिमन्यु ने प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं, प्रतियोगिता में अनुशासन एवं शानदार प्रदर्शन के लिए बेस्ट मार्च पास्ट की ट्रॉफी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश के नाम रही। ट्रॉफी मिलने पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ में खुशी की लहर दौड़ गई।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विवेक कुमार ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चे मोबाइल फोन पर अपना काफी समय व्यतीत कर रहे हैं। विद्यार्थियों को मोबाइल पर समय गंवाने के बजाय खेल के मैदान में अधिक समय बिताना चाहिए और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना चाहिए।
विवेक कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कड़ी मेहनत करने, खेलों में निरंतर आगे बढ़ने तथा जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश एवं अपने विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
खेल भावना, अनुशासन और उत्साह से भरपूर यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए यादगार अनुभव के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मुख्य अतिथि ने आयोजन समिति एवं सभी सहयोगी शिक्षकों को बधाई दी।
ये रहे उपस्तिथ
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ी, शारीरिक शिक्षा अध्यापक, शिक्षकगण, आयोजन समिति के सदस्य, विद्यालय स्टाफ तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्षा अछरी देवी, स्कूल प्रधानाचार्य शशि पाल चौहान, खंड प्रभारी मनोज कुमार, प्रधानाचार्य प्रित लाल मिश्रा व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

