नूरपुर स्पोर्ट्स क्लब ने जताया पूर्व विधायक अजय महाजन का आभार
नूरपुर – स्वर्ण राणा
नूरपुर के इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन खिलाड़ियों को बड़ी सौगात मिली है। स्टेडियम के लिए बैडमिंटन कोर्ट मैट उपलब्ध कराया गया हैं। इस सुविधा से नूरपुर शहर सहित आसपास के कई गांवों से आने वाले खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के दौरान काफी लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर नूरपुर स्पोर्ट्स क्लब ने पूर्व विधायक अजय महाजन और पर्यटन विभाग के निदेशक अम्बर महाजन का आभार व्यक्त किया। क्लब के पूर्व प्रधान तिलक ठाकुर ने कहा कि इंडोर स्टेडियम का निर्माण करवाने के लिए पूर्व मंत्री का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब मैट मिलने से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी और एक समय में अधिक खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे।
तिलक ठाकुर ने बताया कि कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद राजीव भारद्वाज ने भी स्टेडियम के लिए दो और बैडमिंटन कोर्ट मैट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
यदि यह मैट भी मिल जाते हैं तो खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी आसानी होगी। उन्होंने कहा कि नूरपुर का इंडोर स्टेडियम खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां जिला, राज्य और अन्य बड़े स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हो चुका है।
प्रतिदिन सुबह और शाम नूरपुर शहर के साथ-साथ आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी यहां अभ्यास करने पहुंचते हैं।अगर तीनों कोर्ट पर मैट बिछ जाएँ तो खिलाड़ियों का इंतजार कम होगा और अधिक संख्या में खिलाड़ी एक साथ अभ्यास कर सकेंगे, जिससे क्षेत्र में बैडमिंटन खेल को नई गति मिलेगी।

