हिमखबर डेस्क
मंडी जिला के उपमंडल जोगिंद्रनगर में पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस चौकी घट्टा (चौंतड़ा) के अंतर्गत सुक्का बाग में एक दुर्घटनाग्रस्त कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है।
हैरानी की बात यह है कि दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। घटना उस समय सामने आई जब पुलिस चौकी घट्टा के प्रभारी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे।
गश्त के दौरान जब टीम सुक्का बाग पुली के पास पहुंची, तो उन्होंने देखा कि जोगिंद्रनगर की तरफ से आ रही एक कार सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराई हुई है।
वाहन की स्थिति को देखकर प्रतीत हो रहा था कि टक्कर काफी जोरदार थी, क्योंकि गाड़ी के शीशे पूरी तरह से टूट चुके थे।

जब पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। गाड़ी के भीतर शराब का जखीरा छिपाया गया था।
पुलिस ने तलाशी के दौरान कार से कुल 23 पेटियां शराब बरामद की, जिसमें अंग्रेजी शराब की 6 पेटियां, देसी शराब की 11 पेटियां और बीयर की पेटियां शामिल हैं।
घटनास्थल पर चालक मौजूद नहीं था। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से वाहन को अपने कब्जे में ले लिया और बरामद की गई शराब को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। यह जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

