शाहपुर – कोहली
हिमाचल प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित अंडर-13 राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए कांगड़ा जिला फुटबॉल संघ (डीएफए) और शाहपुर उपमंडल फुटबॉल संघ के ट्रायल 26 और 27 अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे। यह ट्रायल शाहपुर के आईटीआई मैदान में दोपहर 3 बजे से शुरू होंगे।
जानकारी के अनुसार, इन ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्म तिथि 1 जनवरी 2013 से 31 दिसंबर 2015 के बीच है। चयनित खिलाड़ियों को नादौन (हमीरपुर) में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों ने सभी जूनियर फुटबॉल खिलाड़ियों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। यह युवा खिलाड़ियों के लिए अपने खेल कौशल को निखारने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर है।
ट्रायल से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए कावेश चौहान से संपर्क किया जा सकता है। वहीं, कांगड़ा जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राकेश चौहान ने भी खिलाड़ियों से ट्रायल में भाग लेने की अपील की है।

