हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के नेरवा में सड़क के किनारे नमाज पढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद मामला गरमा गया। वीडियाे सामने आने के बाद खूब चर्चा होने लगी। यह घटना वीरवार शाम की नेरवा में उत्तराखंड की सीमा पर स्थित फेडिज पुल के पास है। वीडियो में कुछ लोग मौके पर पहुंचे और आपत्ति जताई। साथ ही भारत माता की जय नारा लगाने को कहा। इस पर बरातियों ने भारत माता की जय नारे लगाए, तब जाकर मामला शांत हुआ। नमाज पढ़ने वाले लोग भी इसी क्षेत्र के मूल निवासी हैं। पुलिस ने सूचना के बाद मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की है।
जानकारी के अनुसार, नेरवा तहसील के सितरोट गांव निवासी लियाकत ने बताया कि गांव के ही इमरान पुत्र यामीन की शादी थी। इमरान की बरात सुबह करीब 10 बजे पांच छोटी गाड़ियों में सवार होकर पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के प्लासू गांव के लिए रवाना हुई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बरात शाम के समय लौट रही थी। वापसी के दौरान जब बरात हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित फेडिज पुल के पास पहुंची, तब समय लगभग शाम 5 बजकर 15 मिनट का हो गया था।
यह समय नमाज अदा करने का होने के कारण बरात में शामिल कुछ लोगों ने वहीं रुकने का निर्णय लिया। पास में बहते नाले के पानी से वजू करने के बाद उन्होंने सड़क के किनारे कच्चे रास्ते पर नमाज अदा की। बताया जा रहा है कि नमाज के दौरान या उसके तुरंत बाद वहां कुछ अन्य लोग पहुंचे। उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए बरातियों से बहस शुरू कर दी। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि इन लोगों ने बरातियों से भारत माता की जय के नारे लगाने को कहा।
लियाकत के अनुसार, विवाद को बढ़ने से रोकने के लिए बरातियों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। इसके बाद माहौल शांत हुआ और विवाद समाप्त हो गया। इसके बाद बरात सुरक्षित अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई। इस दौरान पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर लोगों बयान दर्ज किया। हालांकि, मामला दर्ज करने की कोई पुष्टि नहीं कर रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक पुलिस के साथ भी उलझता नजर आ रहा है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल, इस मामले में प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोग ने इस घटना पर शांति बनाए रखने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
एसएसपी, शिमला गाैरव सिंह के बोल
इस मामले को लेकर किसी की भी तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। इसके बावजूद पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

