बिलासपुर – सुभाष चंदेल
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायत सलवाड़ के गूगा मल्होट के जंगल में पैसों के कथित लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक नौकर ने अपने ही मालिक की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नौकर मौके से फरार हो गया है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। एसपी बिलासपुर संदीप धवल खुद मौके पर पहुंचकर जांच की कमान संभाल रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान संजू (46) पुत्र गौरी दत्त निवासी खोपड़ी जिला कुल्लू के रूप में की गई है, जबकि आरोपी नौकर प्रदीप कुमार कांगड़ा जिले के पालमपुर का निवासी बताया जा रहा है।
ये लोग (एक मालिक और दो नौकर) अपनी भेड़-बकरियों (पशुधन) के साथ बीते दिसम्बर महीने से गूगा मल्होट के जंगल में डेरा डाले हुए थे।
बताया जा रहा है कि बीती रात मालिक और आरोपी नौकर के बीच पैसों के कथित लेन-देन को लेकर तीखी बहसबाजी हुई थी। इसके बाद आरोपी नौकर ने गहरी नींद में सो रहे मालिक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले के दौरान मालिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी नौकर जंगल के रास्ते फरार हो गया। वहीं दूसरे नौकर ठाकुर सिंह निवासी मंडी ने हिम्मत जुटाकर घटना की सूचना तुरंत पुलिस थाना तलाई को दी।
सूचना मिलते के बाद तलाई पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और जांच की जा रही है।
पुलिस घटना के चश्मदीद दूसरे नौकर से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें गठित कर रवाना कर दी गईं हैं।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल के बोल
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि मल्होट में एक 45 वर्षीय भेड़ पालक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर वारदात को अंजाम दिया और उसके बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस व एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

