90 प्रतिशत होटल नववर्ष के लिए हैं पैक, 550 होटल धर्मशाला व मैक्लोडगंज में हैं, 45 पुलिस कर्मचारी मैक्लोडगंज में नववर्ष पर संभालेंगे व्यवस्था।
हिमखबर डेस्क
नववर्ष के जश्न के लिए प्रदेश की पर्यटन राजधानी कांगड़ा तैयार है। अगर आप मैक्लोडगंज में नया साल मनाने की योजना बना रहे हैं तो यहां आने से पहले होटल में कमरा बुक करवा लें। यहां के होटलों में अभी तक 90 फीसद बुकिंग हो चुकी है।
एचपीटीडीसी हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम नववर्ष की तैयारियों में जुट गया है। एचपीटीडीसी की ओर से नववर्ष जश्न का कार्यक्रम मैक्लोडगंज के होटल क्लब हाउस में होगा। यहां 12 से 18 वर्ष के बच्चों लिए एंट्री फीस 1200 देनी होगी। जबकि जोड़े के लिए 5 हजार रुपये एंट्री फीस रखी गई है। जिसमें डीजे के साथ गाला डिनर की व्यवस्था भी एचपीटीडीसी की ओर से की गई है।
नववर्ष अगर आप मैक्लोडगंज सहित पालमपुर व बीड बिलिंग की तरफ आना चाहते हैं तो यहां आने के बाद ट्रैकिंग से परहेज करें। इन सभी पर्यटन स्थ्लों में अब नववर्ष को लेकर तैयारियां की जा रही हैं तो पर्यटकाें ने पहले से ही बुकिंग भी करवा रखी है। ऐसे में अगर आपका कोई अचानक ही अपने स्वजनों व दोस्तों के साथ यहां आने का कार्यक्रम भी अब हो रहे हिमपात को लेकर बने तो आने से पहले रहने के लिए होटल की बुकिंग जरूर करवा लें।
वीर बहादुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के बोल
नववर्ष पर अकेले मैक्लोडगंज में ही पुलिस के लगभग 45 कर्मी अतिरिक्त रुप से तैनात किए जाएंगे। यहां पर किसी तरह का जाम न लगे इसे लेकर भी पुलिस कर्मी अपनी नजर रखेंगे। किसी भी समस्या को लेकर पर्यटक पुलिस से सहायता मांग सकेंगे।
राहुल धीमान, अध्यक्ष होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला के बोल
नववर्ष को लेकर निजी होटल संचालकों द्वारा अपनी तैयारियां पूरी की गई हैं। हर होटल संचालक द्वारा अपने-अपने स्तर पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए योजना बनाई गई है। कहीं पर स्थानीय व्यंजन भी पर्यटकों को परोसे जाएंगे। पहाड़ पर हिमपात से अब और अधिक पर्यटकों के आने की उम्मीद है।
कैलाश ठाकुर, एजीएम, पर्यटन निगम के बोल
पर्यटन निगम के सभी होटल नववर्ष को लेकर बुक हैं। अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयारियां की जा रही हैं। पर्यटकाें के पारम्पारिक ढंग से स्वागत किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय कलाकारों से संपर्क किया जा रहा है।

