नगर पंचायत पार्षदों ने पेयजल वितरण को लेकर विभाग पर लगाये गंभीर आरोप।
रिवालसर/मंडी – अजय सूर्या
नगर पंचायत रिवालसर के उपाध्यक्ष कश्मीर सिंह यादव तथा पार्षद लाभ सिंह ने रिवालसर नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति वितरण को लेकर जल शक्ति विभाग कार्यालय रिवालसर की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े करते हुए विभाग पर कई गंभीर आरोप जड़े हैं।
उन्होंने कहा है कि त्रिवेणी धर्म स्थली के लोगों को पेयजल की कोई समस्या ना हो इसके लिए सरकार ने यहां तीन-तीन पेयजल परियोजनाओं का पानी पहुंचाने की व्यवस्था की हुई है।
लेकिन जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों अधिकारियों की यहां के रसूखदारों और कुछ धार्मिक संस्थाओं से मिलीभक्त के कारण इन परियोजनाओं का पानी आम जनता के घरों तक नहीं पहुंच रहा है।
लोग पानी न मिलने शिकायतें करते हंै, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। हैरानी की बात है की कुछ चुनिंदा लोगों पर मेहरबान होते हुए विभाग ने अवैध रूप से उन्हें तीन-तीन स्थानों से कनेक्शन दिए हुए हंै।

यहां तक की मेन लाइन को काटकर इन्हें डेढ़ इंच पाइप लाइन के माध्यम से पानी की सप्लाई दी गई है। जिसका खामियाजा रिवालसर की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। लोग पिछले लंबे समय से पेयजल की भारी समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं नगर क्षेत्र के कुछ रसूखदारों को भरपूर पानी मिल रहा है।
उन्होंने कहा है कि नगर पंचायत की सभी 7 वार्डों में पानी का अनियमित वितरण और अवैध कनेक्शन के कारण लोगों एक समान पानी नहीं मिल रहा है। रिवालसर नगर क्षेत्र के लिए बनी पेयजल योजना के पानी का दुरपयोग किया गया है।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने बल्ह के डडौर से रिवालसर तक बनी करोड़ों रुपए की उठाऊ पेयजल योजना में के बार बार खराब होने पर घटिया क्वालिटी की मशीनरी और पाइपों के इस्तेमाल किए जाने का संदेह प्रकट करते हुए सरकार से इसकी जांच करवाने की मांग की है।
दोनों पार्षदों ने कलखर रिवालसर मंडी सडक़ मार्ग की दयनीय हालत पर चिंता व्यक्त करते सबंधित विभाग से सडक़ मार्ग पर जरुरी सुधार की मांग की है।
वहीं सहायक अभियंता उपमंडल रिवालसर कार्यालय की तरफ से पानी की सभी समस्याओं का जल्द समाधान करने का भरोसा दिया गया है।

