हिमाचल पथ परिवहन निगम के निदेशक मंडल की बैठक में फैसला, 375 की जगह अब 400 रुपए मिलेंगे
शिमला – नितिश पठानियां
एचआरटीसी ने अपने दिहाड़ीदारों की दिहाड़ी में बढ़ोतरी कर दी है। सरकार की तर्ज पर एचआरटीसी के निदेशक मंडल ने भी दिहाड़ी बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिस पर प्रबंधन अधिसूचना जारी करेगा। अभी दिहाड़ीदारों को 375 रुपए दिहाड़ी दी जा रही है, जिसे बढ़ाकर 400 रुपए प्रतिदिन करने का निर्णय लिया गया है।
शुक्रवार को सचिवालय में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के निदेशक मंडल की बैठक उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री की अध्यक्षता में हुई। बैठक में लिए गए निर्णयों को लेकर मुकेश अग्रिहोत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि निगम घाटे में है और घाटे को कम करके उसे फायदे में लाने को लेकर निगम के प्रबंध निदेशक ने एक रिपोर्ट बनाई है।
इस रिपोर्ट पर निदेशकमंडल बैठक में प्रेजेंटेशन हुई है, जिसे कैबिनेट के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। सरकार से इसमें मदद मांगी जाएगी, क्योंकि अभी सरकार से 700 करोड़ रुपए के आसपास सालाना मदद मिल रही है, जबकि खर्च बहुत ज्यादा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की वचनबद्धताओं को एचआरटीसी पूरा कर रहा है, लेकिन इसमें बड़ा नुकसान निगम को उठाना पड़ रहा है। प्रदेश में बस किराए में बढ़ोतरी या महिलाओं को दी जाने वाली छूट मुकेश ने कहा कि ये फैसले सरकार के स्तर पर लेने वाले हैं, न कि निदेशक मंडल में।
सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग होगी
डिप्टी सीएम ने कहा कि पूर्व सरकार ने मिनिमम किराया सात रुपए किया था, जिसे उनकी सरकार ने पांच रुपए किया। उन्होंने माना कि कुछ कदम तो उठाने जरूरी हैं, क्योंकि कर्मचारियों व पेंशनरों की बड़ी देनदारी है, जिसे चुकता किया जाना है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वेतन और डीजल पर सबसे अधिक खर्च हो रहा है। इसके साथ कुल 2500 रूटों में से मात्र 231 रूट ही फायदे में हैं, जिससे बड़ा नुकसान निगम को हो रहा है। सरकार के सामने पूरी स्थिति को रखा जाएगा और कुछ कड़े कदम उठाने को लेकर सरकार से मांग की जाएगी।
नई बसें खरीदेगा निगम
मुकेश ने कहा कि निगम 327 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद करने जा रहा है, जिसकी खरीद प्रक्रिया आखिरी चरण में है। इसी तरह से वोल्वो का पूरा फ्लीट बदला जाएगा और 25 वोल्वो बसें खरीदी जा रही हैं, जबकि 250 डीजल बसों की खरीद भी की जाएगी।
निगम अब इस बात पर फोकस कर रहा है कि किस तरह से अपने खर्चों को घटाए और कैसे आमदनी को बढ़ाया जाए। एचआरटीसी में कंडक्टर भर्ती को लेकर मुकेश ने कहा कि यह भर्ती पहली बार पूरी पारदर्शिता के साथ हुई है। इसके साथ चालक भर्ती भी होनी है।

