आद्रित-वैदिक ने जर्मन परीक्षा पास कर चमकाया स्कूल का नाम
हिमखबर डेस्क
गोएथे इंस्टीच्यूट से जर्मन परीक्षा बी 1 उत्तीर्ण करने के बाद रेनबो इंटरनेशनल स्कूल नगरोटा बगवां के होनहार गत वर्ष की भांति इस बार भी ऑस्ट्रिया जाएंगे।
स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र आद्रित ने देश भर में पहले रैंक में गोएथे इंटरनेशनल सर्टिफिकेट और इसी प्रतियोगिता में वैदिक ने चौथा रैंक हासिल कर जर्मन में रहकर उच्च शिक्षा नि:शुल्क हासिल करने का मुकाम पा लिया है।
इस उपलब्धि से वे जर्मन में मुफ्त में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। बहरहाल वे 14 जुलाई को ऑस्ट्रिया के लिए उड़ान भरेंगे, जहां विभिन्न देशों के चयनित करीब दो सौ बच्चों के बीच वे दो सप्ताह तक रहेंगे।
इस दौरान वे कई शैक्षणिक ज्ञानवद्र्धक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे तथा अलग-अलग देशों की भाषा संस्कृति, रहन सहन, खान पान तथा तकनीकों से रू-ब-रू होंगे।
स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. छवि कश्यप के बोल
स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. छवि कश्यप ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि यह स्कूल के लिए गर्व की बात है कि यहां के करीब 600 छात्र जर्मन भाषा में अपनी मजबूत पकड़ बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने को साबित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्कूल में वर्ष 2016 में गोयथे के माध्यम से जर्मन भाषा की शिक्षा देने की व्यवस्था यहां कर दी गई थी, जिसके सफल परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
उनका कहना है कि इस आधार पर कई बच्चों का जर्मन में मुफ्त उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। अपने सहयोगियों की इस सफलता पर स्कूल में बच्चों ने केक काटा।

