हिमाचलियों के DNA में मिला नया वैरिएंट, 13 वैज्ञानिकों के अध्ययन में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

--Advertisement--

हिमाचल समेत भारतीय हिमालयी आबादी में दूध पचाने की क्षमता से जुड़े तीन विशिष्ट आनुवंशिक वैरिएंट की पहचान हुई है, जानें 13 वैज्ञानिकों की रिसर्च में क्या सामने आया।

हिमखबर डेस्क

हिमाचल प्रदेश समेत भारतीय हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की दूध और डेयरी उत्पादों को पचाने की क्षमता को लेकर एक अहम वैज्ञानिक खुलासा हुआ है। छह संस्थानों के 13 वैज्ञानिकों के संयुक्त अध्ययन में भारतीय हिमालयी आबादी में लैक्टोज पचाने की क्षमता से जुड़े तीन विशिष्ट आनुवंशिक वैरिएंट की पहचान की गई है। यह शोध हिमालयी समुदायों के खानपान, जीवनशैली और आनुवंशिक विकास के बीच गहरे संबंध की ओर इशारा करता है।

अध्ययन के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, कश्मीर, उत्तराखंड, नेपाल और अरुणाचल प्रदेश सहित हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले कुछ पारंपरिक समुदायों में दूध पचाने की क्षमता से जुड़े ऐसे आनुवंशिक बदलाव पाए गए हैं, जो उन्हें अन्य आबादी से अलग बनाते हैं। इन समुदायों में यह क्षमता तिब्बती आबादी में देखे जाने वाले आनुवंशिक पैटर्न से भी मिलती-जुलती पाई गई है।

छह संस्थानों के वैज्ञानिकों की इस रिसर्च में कलकत्ता विश्वविद्यालय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और हैदराबाद स्थित सेंटर फॉर सेलुलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी (CCMB) के शोधकर्ता शामिल रहे। कलकत्ता विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राकेश तमांग के मुताबिक, भूटिया, तामांग, शेरपा और तिब्बती मूल के अन्य समुदाय सदियों से पशुपालन और डेयरी गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।

शोध में इन समुदायों में यूरोपीय और मैदानी भारतीय आबादी में पाए जाने वाले आनुवंशिक वैरिएंट के साथ-साथ तिब्बती पठार में प्रचलित वैरिएंट भी मिले हैं। इससे संकेत मिलता है कि लंबे समय तक डेयरी उत्पादों को भोजन का हिस्सा बनाए रखने के कारण इन समुदायों में दूध पचाने की क्षमता से जुड़े विशेष आनुवंशिक बदलाव विकसित हुए।

सदियों की खानपान परंपरा से जुड़ा है आनुवंशिक बदलाव

शोध की प्रथम लेखिका शप्तपर्णी डे ने बताया कि लंबे समय तक दूध और डेयरी उत्पादों के सेवन ने इन समुदायों में सांस्कृतिक और आनुवंशिक सह-विकास की प्रक्रिया को बढ़ावा दिया। विज्ञान में इस तरह की प्रक्रिया को ‘कन्वर्जेंट इवोल्यूशन’ कहा जाता है।

बीएचयू की वैज्ञानिक डॉ. चंदना बसु और जीन विज्ञानी प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे के अनुसार, यह अध्ययन प्राचीन मानव प्रवास, खानपान की आदतों और पर्वतीय क्षेत्रों में मानव शरीर के जैविक अनुकूलन को समझने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

आगे जीनोम सीक्वेंसिंग और क्लीनिकल अध्ययन होंगे

वैज्ञानिकों का मानना है कि इस शोध से हिमालयी आबादी के आनुवंशिक इतिहास को समझने के नए रास्ते खुलेंगे। भविष्य में इस विषय पर जीनोम सीक्वेंसिंग और क्लीनिकल अध्ययन किए जाएंगे, ताकि इन आनुवंशिक वैरिएंट और दूध पचाने की वास्तविक क्षमता के बीच संबंध को और बेहतर तरीके से समझा जा सके।

यह शोध हिमालयी क्षेत्रों में सदियों से चली आ रही पशुपालन और डेयरी परंपरा के पीछे मौजूद जैविक अनुकूलन को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

नौकरी का मौका! सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 60 पदों के लिए 17 नवंबर को इंटरव्यू

हिमाचल में सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के 60 पदों...