चम्बा – भूषण गुरुंग
चम्बा जिले में पुलिस की सख्ती के बावजूद चिट्टे का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान पकड़े गए मामलों में अधिकतर युवा पंजाब राज्य से पाए गए हैं। बीते सप्ताह बड़ी कार्रवाई के बाद एक बार फिर पुलिस थाना डल्हौजी के दल ने बैहलून कैंट मे गश्त के दौरान 23 वर्षीय युवक के कब्जे से 13.06 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
आरोपी की पहचान विशाल सिंह पुत्र रशपाल सिंह गांव व डाकघर गुरखाली तहसील तरनतारन जिला अमृतसर पंजाब के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई करके जांच शुरू कर दी है।
पंजाब राज्य से चम्बा के लिए सप्लाई किए जा रहे चिट्टे के मामले में पकड़े गए अधिकतर युवा हैं। पुलिस की टीम ने बीते सप्ताह भी पंजाब के ही युवक को 13.59 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। इससे पूर्व 2 मार्च को चम्बा पुलिस ने पंजाब राज्य के युवक को 6.15 ग्राम तथा 12 मार्च को 2 युवकों को 7.53 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था।
पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद जिले में चिट्टे की सप्लाई का सिलसिला लगातार जारी है। हालांकि पकड़े गए युवाओं से पूछताछ जारी है ताकि चिट्टे के बड़े तस्करों तक पहुंचकर नशे को जड़ से खत्म किया जा सके। इसके लिए पुलिस को योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाना होगा।
एसपी चम्बा अभिषेक यादव के बोल
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान युवक से चिट्टा पकड़ा गया है। इस बारे में जांच की जा रही है। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि इस मामले में जुड़े अन्य लोगों पर कार्रवाई की जा सके। नशे के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

