नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं के सपनों को मिलेंगे पंख, जर्मनी में प्लेसमेंट का मौका
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग में पढ़ने वाली छात्राओं को अब जर्मनी में भी प्लेसमेंट हासिल करने का सुनहरा मौका मिलेगा। इसके लिए नर्सिंग कॉलेज ने भारत व यूके में स्थित मैजिक बिलियन कंपनी के साथ एमओयू साइन किया है। कंपनी ने देश की केवल दो संस्थाओं के साथ हाथ मिलाया है। इसमें पहला पटियाला स्थित एक नर्सिंग कॉलेज है, वहीं दूसरा हिमाचल का एक मात्र संस्थान माता पद्मावती नर्सिंग कॉलेज है।
सोमवार को माता पद्मावती कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग के संयुक्त प्रावधान से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रिटायर्ड मेजर जनरल अतुल कौशिक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान मैजिक बिलियन कंपनी के संस्थापक बसब बनर्जी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। मैजिक बिलियन के संस्थापक बसब बनर्जी और माता पद्मावती नर्सिंग कॉलेज के संस्थापक सचिन जैन ने क्षेत्र की नर्सों के उत्थान के लिए कंपनी के साथ एमओयू साइन किया।
बसब बनर्जी ने बताया कि माता पद्मावती नर्सिंग कॉलेज के शिक्षा के स्तर व प्रबंधन की दूरदर्शी सोच को देखते हुए उन्होंने ये फैसला लिया है। बनर्जी ने कहा कि इसका उद्देश्य पहाड़ी प्रदेश की बेटियों को विदेश में जाकर काम करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करना है।
मीडिया के सवाल पर बनर्जी ने बताया कि कंपनी अब तक देश में 2500 के करीब नर्सिंग छात्राओं को विदेश भेज चुकी है। यहां जाकर ये छात्राएं नर्सिंग में नए-नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी इन छात्राओं को लाइफ टाइम सपोर्ट करती है। विदेश जाने के बाद यदि इन छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा होती है तो वह कंपनी से संपर्क कर सकती है। माता पद्मावती देश का दूसरा तो हिमाचल का पहला संस्थान है, जिनके साथ उनकी कंपनी के करार किया है।
उधर, माता पद्मावती नर्सिंग कॉलेज के संस्थापक सचिन जैन ने बताया कि नर्सिंग संबंधित डिग्री पूरी होने के बाद ही छात्राओं को जर्मनी में प्लेसमेंट दी जाएगी। इसके लिए कुछ मापदंड रखे गए हैं, जिसमें दो लेवल होंगे। दोनों लेवल को पूरा करने वाली छात्राओं को आगे भेजा जाएगा।
इसका उद्देश्य महत्वाकांक्षी और मेहनती नर्सिंग छात्राओं के सपनों को पूरा करना है। 15 नर्सों का पहला बैच पहले ही कॉलेज परिसर में शुरू हो चुका है। जल्द ही दूसरा बैच भी शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कंपनी के साथ करार के लिए पिछले लंबे समय से कोशिश कर रहे थे, जो आखिरकार सफल हुई है। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य प्रदेश की नर्सिंग छात्राओं के लिए बेहतर से बेहतर अवसर प्रदान करना है।
वहीं, मुख्य अतिथि मेजर जनरल अतुल कौशिक ने बताया कि ये हिमाचल की छात्राओं के लिए एक बहुत बड़ा अवसर है कि उन्हें सीधा ही जर्मनी में प्लेसमेंट का मौका मिल रहा है। उन्होंने बताया कि छात्राओं को कड़ी से कड़ी मेहनत कर इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने माता पदमावती के संस्थापक सहित समस्त टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी।

