डिप्टी सीएम ने की जलशक्ति विभाग के कर्मियों की तारीफ, सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
सुंदरनगर, 01 सितंबर – अजय सूर्या
हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आपदा के दौरान सुंदरनगर में क्षतिग्रस्त हुई एक पेयजल योजना को विपरीत परिस्थितियों में ठीक करने के लिए जल शक्ति विभाग के प्रयासों को सराहा है। उपमुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उफनते खड्ड में कार्य कर रहे कर्मचारियों के विडियो को भी शेयर किया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के बाद जल शक्ति विभाग की अनेकों पेयजल योजनाओं को क्षति पहुंची थी, जिनमें से अधिकतर को ठीक कर दिया गया है। सलापड़ क्षेत्र में परवाह पेयजल योजना को ठीक करने का कार्य बेहद जोखिम भरा है।
इस पेयजल योजना के क्षतिग्रस्त होने से सलापड़ कॉलोनी, कांगू, डैहर, जांबला सहित जड़ोल पंचायत के कुछ भाग में पेयजल संकट होने से करीब 8 हजार लोग प्रभावित है।
पेयजल योजना के लिए सेरी कोठी सौल खड्ड से पानी उठाया जाता है, जिसे दुरुस्त करने के लिए जल शक्ति विभाग को पापड़ बेलने पड़ रहे है और दो सप्ताह में इसका 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
योजना की लाइन बिछाने के लिए पहाड़ों के साथ-साथ उफनते खड्ड में कर्मचारियों द्वारा कार्य किया जा रहा है। ऐसे ही उफनते खड्ड में पाइप जोड़ने में जुटे कर्मचारियों का काम करते हुए विडियो उप मुख्यमंत्री ने शेयर कर उनके कार्य को सराहा है।

