मंडी – अजय सूर्या
चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात शुरू हो गया है। मंगलवार रात 10 बजे से झलोगी टनल के मुहाने पर स्लाइडिंग होने से यह नेशनल हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया था, जो गुरुवार शाम साढ़े तीन बजे के आसपास खुल गया है।
पूरे 45 घंटों के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुल्लू से मंडी की ओर छोटी बड़ी सभी प्रकार की गाडिय़ां चलनी शुरू हो गई हैं, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। गौरतलब है कि चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग की रफ्तार पर एक बार फिर से ब्रेक लग गई थी।
पांच दिन मंडी से औट कुल्लू तक टै्रफिक चलने के बाद अब पंडोह से लगभग चार किलोमीटर आगे झलोगी 11 नंबर टनल के पास फोरलेन बंद हो गया था। मंगलवार रात साढ़े दस बजे के बाद यहां से फोरलेन पर यातायात बंद था, जिसे बुधवार को भी बहाल नहीं किया जा सका था।
बुधवार को पूरा दिन यहां पहाड़ से मलबा व बड़े-बड़े पत्थर गिरते रहे। इस कारण पंडोह से लेकर सुंदरनगर तक फिर से तीन हजार से अधिक वाहन फंस गए, जिनमें दो हजार से अधिक मालवाहक वाहन ही शामिल हैं। छोटे वाहनों को अब फिर से मंडी-कटौला-बजौरा मार्ग पर भेजा गया। पर सब्जियां लेकर जा रही कुछ गाड़ियां भी सड़क पर पलट गईं थीं।
गुरुवार को झलोगी टनल के पास फिर से यातायात बहाली का काम शुरू हुआ और दोपहर के बाद साढ़े तीन बजे हाईवे को बहाल कर दिया गया।
डीसी मंडी ने मौके पर पहुंच कर लिया जायजा
झलोगी टनल के पास हुए भूस्खलन के बाद डीसी मंडी अरिंदम चौधरी 2 दिनों से लगातार मौके पर स्वयं पहुंच रहे हैं और सड़क बहाली के कार्य का जायजा ले रहे हैं। वीरवार को डीसी मंडी झलोगी टनल के पास पहुंचे उन्होंने संबंधित कंपनी को जल्द मार्ग को सुचारू रूप से बहाल करने के लिए निर्देश भी दिए।

