कोटला – ब्यूरो
पुलिस चौकी कोटला से लगभग 50मीटर की दूरी पर ही खनन माफिया द्वारा पठानकोट-मंडी नेशनल हाइवे पर देहर खड्ड पर लाखों की लागत से निर्मित पुल के पास सरेआम खनन किया जा रहा है। इसके अलावा खनन माफिया द्वारा खड्ड में ही रेत-बजरी सहित पत्थरों के डंप लगाए हुए हैं तथा इनको बेचकर मोटी कमाई कर रहे है।

नवनिर्मित पुल के पास खनन किए जाने से पुल को खतरा पैदा हो गया है। समुदायिक भवन कोटला को देहर खडड के पानी से बचाने के लिए लगा डंगा भी टूट चुका है। कभी भी पानी समुदायिक भवन को नुकसान पहुंचा सकता है। और माता बगलामुखी का रास्ता भी पानी में बह चुका है।

जब कोई भी ट्रेक्टर खनन करता है, तो लोगों द्वारा पुलिस को सूचित किया जाता है लेकिन फिर भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है। इससे साफ जाहिर होता है कि कहीं न कहीं खनन माफिया को सरकार या मंत्रियों का संरक्षण है। जिसके चलते पुलिस इन पर कार्रवाई करने से कतराती है।

रोजाना टनों के हिसाब से रेता-बजरी व पत्थर उठाया जाता है, परन्तु पुलिस व खनन विभाग सोया रहता है। लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सूक्खु व खनन विभाग से मांग की है कि खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।

खनन इंस्पेक्टर के बोल
इस बारे में खनन इंस्पेक्टर जेके पुरी ने बताया कि खनन विभाग द्वारा खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

