काँगड़ा – राजीव जस्वाल
गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी होने की खबर मिलते ही विस्तारीकरण की जद में आने वाले लोगों में बगावत के सुर एक बार फिर उठना शुरू हो गए हैं।
लोगों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण को सरकार ने अधिसूचना तो जारी कर दी, लेकिन आज तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन प्रभावितों को इसके बाद कहां बसाया जाएगा।
प्रभावितों ने दो टूक कहा है कि वे विस्तारीकरण के नाम पर अपनी जमीन का एक इंच भी भूमि अधिग्रहण नहीं होने देंगे, चाहे इसके लिए उन्हें आंदोलन क्यों न करना पड़े।
पुश्तैनी जमीन पर किसी भी हद तक कब्जा नहीं मंजूर – सुषमा देवी, निवासी इच्छी
सदियों से बुर्जुगों ने मेहनत कर हमें जमीन के रूप में खजाना दिया है। अब एयरपोर्ट विस्तारीकरण के नाम पर भूमि अधिग्रहण को किसी अन्य को पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करना किसी हद तक मंजूर नहीं होगा।
उपजाऊ जमीन को नहीं उजाड़ने देंगे – विजय कुमार, पूर्व उपप्रधान इच्छी
एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में हजारों कनाल की उपजाऊ भूमि आ रही है। यहां का कृषक वर्ग इससे ही अपनी रोजी रोटी चलाता है। इसका अधिग्रहण होने के बाद यहां हजारों कनाल भूमि उजाड़कर गरीबों के पेट पर लात मारी जाएगी।
विस्तारीकरण के नाम पर भूमि अधिग्रहण नहीं मंजूर – बाश्ला देवी, निवासी ईच्छी
एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण कतई भी मंजूर नहीं है। सरकार को एयरपोर्ट के लिए ऐसा स्थान देखना चाहिए जहां लोग प्रभावित न हों।
प्रभावितों को कहां मिलेगी जमीन, स्पष्ट हो स्थिति – रेखा देवी
एयरपोर्ट विस्तारीकरण में भूमि अधिग्रहण को लेकर सरकार ने अधिसूचना तो जारी कर दी, लेकिन ये भी स्पष्ट करें कि इन प्रभावितों को जमीन कहां मिलेगी।
नहीं होने देंगे भूमि अधिग्रहण – कुसुमलता, प्रधान, ग्राम पंचायत इच्छी
सरकार की ओर से भूमि अधिग्रहण के नाम पर अधिसूचना तो जारी कर दी गई है, लेकिन हम इस अधिसूचना का पूरा विरोध करते हैं। विस्तारीकरण के नाम पर एक इंच भी जमीन नहीं दी जाएगी।

