हिमाचल में मूसलाधार बारिश के बीच सड़क हादसा, 4 की मौत, एक घायल
कुल्लू, 10 जुलाई – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश में लगातार मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। इसी बीच निरमंड उपमंडल में सोमवार सुबह सड़क हादसे में चार व्यक्तियों की मौत होने की सूचना है। एक घायल उपचाराधीन है। शुरूआती जानकारी के मुताबिक उपमंडल के केदस संपर्क मार्ग पर एक वाहन (HP35-4332) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बारिश जारी रहने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत का सामना भी करना पड़ा।
मृतकों की पहचान 68 वर्षीय जुगतराम पत्नी हुक्मीराम गांव नाबा, 64 वर्षीय केदस गांव के रहने वाले हरदयाल, 48 वर्षीय सीमा नेगी पत्नी गणेश नेगी गांव कुमसु (नोगली) व 37 वर्षीय वर्षा पत्नी कुलदीप गांव केदस के तौर पर की गई है।
मृतक हरदयाल के 40 वर्षीय बेटे कुलदीप वर्मा को घायल अवस्था में उपचार के लिए नागरिक अस्पताल निरमंड ले जाया गया है। जानकारी के मुुताबिक घायल कुलदीप वर्मा वाहन चला रहा था।
बता दें कि सोमवार सुबह ही ठियोग उपमंडल में एक बच्चे सहित तीन नेपालियों की मौत की सूचना भी है। कुल्लू की एसपी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

