
कोटला – स्वयम
ग्राम पंचायत राजोल में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तेंदुए का जोड़ा बेरोकटोक विचरण कर रहा है जिसको कई लोगों द्वारा देखा जा चुका है।। बीती रात रजोल निवासी कालूदीन के घर पर दो तेंदुओं ने लगभग शाम सात बजे ही उनके कुत्ते पर हमला कर दिया।
घरवालों ने शोर डालकर कुत्ता तो बचा लिया लेकिन वहां से तेंदुआ जोगिंद सिंह, शमशेर सिंह आदि के घरों से होते हुए उमरदीन के कुत्ते का शिकार भी किया जिसका खून खेतों में दिख रहा है। अब जंगल के बजाए रिहायशी क्षेत्रों में विचरण कर रहे इन तेंदुओं से लोगों को जानमाल की कभी भी हानि हो सकती है। यही नहीं इन्हीं घरों के बीच प्राइमरी व मिडल स्कूल हैं और स्कूली बच्चे भी खतरे की जद में हैं।
पूर्व पंचायत प्रधान केडी हिमाचली ने हिमाचल प्रदेश सरकार व वन विभाग से मांग की है कि इन तेदुओं को तुरंत पकड़वा कर चिड़ियाघर में भेजा जाए अन्यथा कोई भी अनहोनी घटना घटित हो सकती है।
डीएफओ कुलदीप जम्वाल के बोल
इस बारे में डीएफओ नूरपुर कुलदीप जंबाल ने कहा कि मुझे मीडिया से अभी इसका पता चला है। उन्होंने कहा कि लोग घरों से अकेले बाहर न निकलें। उन्होंने कहा कि लोग घरों के आसपास पटाखे इत्यादि चलाएं। उन्होंने कहा कि विभाग भी अपनी तरफ से इनको पकड़ने की कोशिश करेगा।
