
हमीरपुर – व्यूरो रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग, हमीरपुर के जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के पेपर लीक कांड के बाद अब आयोग नींद से जागा है. आयोग ने जेओए-आईटी संडे (25 दिसंबर) को होने परीक्षा को रद्द कर दी है.
वहीं चयन बोर्ड का कहना है कि आगे होने वाली छह परीक्षाएं तय समय पर होंगी. कर्मचारी चयन आयोग के पास विजिलेंस की स्टेटस रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई होगी.
पेपर लीक मामले में संलिप्त महिला कर्मचारी के खिलाफ इससे पहले चयन आयोग में किसी भी तरह की शिकायतें नहीं आने की बात कही गई है.
कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन संजय ठाकुर ने बताया कि जेओए-आईटी की परीक्षा के लिए 1 लाख 3 हजार अभ्यार्थियों को एडमिट कार्ड भेजे गए थे. समूचे हिमाचल प्रदेश में सभी ब्लॉकों में यह परीक्षा आयोजित की जानी थी. हालांकि, पेपर लीक के बाद इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया है.
आयोग के चेयरमैन संजय ठाकुर ने कहा कि विजिलेंस स्टेट्स रिपोर्ट के बाद ही अगली कार्रवाई होगी और अगली परीक्षाएं तय समय पर होंगी.उन्होंने बताया कि कुछ दिन में चयन आयोग की ओर से छह परीक्षाएं करवाई जाएंगी.
आरोपी महिला के बेटे द्वारा एक अन्य परीक्षा में टॉप करने के सवाल पर चेयरमैन संजय ठाकुर ने बताया कि अगर कमीशन के पास ऐसा मामला आएगा तो इस परीक्षा के बारे में छानबीन की जाएगी.
क्या है पूरा मामला
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग, हमीरपुर की ओर से 25 दिसंबर को एक जूनियर ऑफिस असिस्टेंट-आईटी (JOA-IT) का पेपर होना था, जो कि लीक हो गया. इसमें आयोग की ही महिला कर्मचारी, उसका बेटा, नौकर, दलाल और दो अन्य आवदेक गिरफ्तार हुए हैं.
आरोपी महिला मूल रूप से सुजानपुर से है और हमीरपुर के वार्ड-सात स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहती है. उसके दो बेटे हैं.
