हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने जिला न्यायपालिका के अधीन विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। हाईकोर्ट की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार 388 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इन पदों में ग्रुप-बी, ग्रुप-सी और ग्रुप-डी के विभिन्न पद शामिल हैं।
भर्ती के लिए पात्र और इच्छुक अभ्यर्थी दस सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन हाईकोर्ट के भर्ती पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे। हाईकोर्ट ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत भर्ती विज्ञापन में दिए गए पदवार योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा प्रक्रिया और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
- जिला न्यायपालिका में कोर्ट मैनेजर (ग्रुप-बी) के कुल पांच नियमित पद भरे जाएंगे। इनमें दो पद अनारक्षित, एक अनुसूचित जाति, एक अन्य पिछड़ा वर्ग और एक आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित है।
- इसके अलावा क्लर्क (ग्रुप-सी) के सबसे अधिक 141 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें 84 पद नियमित और 57 पद अनुबंध आधार पर हैं। श्रेणीवार इनमें 52 अनारक्षित, 32 एससी, नौ एसटी, 28 ओबीसी, 15 ईडब्ल्यूएस और पांच दिव्यांग पद शामिल हैं।
- स्टेनोग्राफर ग्रेड-ढ्ढढ्ढढ्ढ (ग्रुप-सी) के कुल 79 पद हैं। इनमें 48 नियमित और 31 अनुबंध पद शामिल हैं। इनमें 26 पद अनारक्षित, 19 एससी, पांच एसटी, 18 ओबीसी, छह ईडब्ल्यूएस और पांच दिव्यांग वर्ग के लिए निर्धारित हैं।
- ड्राइवर (ग्रुप-सी) के कुल नौ पदों पर भर्ती होगी। इनमें चार नियमित और पांच दैनिक वेतन आधार के पद हैं। श्रेणीवार छह पद अनारक्षित, एक एससी और दो पद ओबीसी वर्ग के लिए रखे गए हैं।
- प्रोसेस सर्वर (ग्रुप-डी) के कुल 65 पद भरे जाएंगे। इनमें 61 नियमित, एक अनुबंध और 3 दैनिक वेतन आधार के पद शामिल हैं। इनमें 29 अनारक्षित, 16 एससी, दो एसटी, नौ ओबीसी और नौ ईडब्ल्यूएस पद हैं।
- चपरासी (ग्रुप-डी) के कुल 89 पद भर्ती प्रक्रिया के तहत भरे जाएंगे। इनमें 69 नियमित और 20 दैनिक वेतन आधार के पद हैं। श्रेणीवार 37 अनारक्षित, 18 एससी, दो एसटी, 17 ओबीसी, नौ ईडब्ल्यूएस और छह दिव्यांग वर्ग के पद शामिल हैं।
निर्देशों का पालन करें
हाईकोर्ट की जनसंपर्क अधिकारी अनुपमा शर्मा की ओर से जारी प्रेस नोट में अभ्यर्थियों से आवेदन प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक जानकारियां सही ढंग से भरने और भर्ती विज्ञापन में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

