
चम्बा – भूषण गुरुंग
भालका बीट में वन विभाग और राजस्व टीम के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ गैर जमानती केस दर्ज होगा। इसके लिए वन मंडल अधिकारी चंबा ने पुलिस अधीक्षक को चिट्ठी भेजी है।
इसमें उन्होंने पुलिस अधीक्षक से सिफारिश की है कि सरकारी कार्य में बाधा पैदा करने और सरकारी कर्मचारियों से मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक को सुझाव दिया है कि मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ वन अधिनियम 1927 की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया जाए, ताकि उन्हें जमानत न मिल सके। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ देवदार के पेड़ पर हुई वन विभाग की निशानदेही (हैंबर नंबर) को मिटाने को लेकर भी कार्रवाई की जाए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को भालका बीट में वन और राजस्व विभाग की टीम निशानदेही करने के लिए गई, लेकिन वहां पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें वहां निशानदेही नहीं करने दी। पहले उन्होंने टीम के साथ बदसलूकी की। इसके साथ टीम पर पथराव भी किया। इसमें सरकारी कर्मचारी बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाने में सफल रहे। देर रात को इसकी सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई।
वन मंडल अधिकारी चंबा अमित शर्मा ने बताया कि भालका बीट में सरकारी भूमि पर देवदार का पेड़ा लगा था। इसमें हैंबर भी लगा हुआ था। जिसे वहां कुछ लोगों ने मिटा दिया है। इसे लेकर उन लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा निशानेदही करने गई टीम के साथ मारपीट करने को लेकर पुलिस में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी गई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर गैर जमानती केस बनाने की सिफारिश की है।
